Ketan Agrawal murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है. इस बार वजह पुलिस जांच नहीं, बल्कि मीडिया के सामने उसका रवैया है. पुलिस जब उसे जांच के सिलसिले में उसके घर लेकर पहुंची, तभी बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों ने उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करने शुरू किए. इसी दौरान सिया ने कैमरे की ओर देखते हुए मिडिल फिंगर दिखा दी. यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच नई बहस छिड़ गई.
दरअसल, पुलिस सिया को उसके घर इसलिए लेकर गई थी ताकि वारदात वाले दिन पहने गए कपड़े और अन्य जरूरी सामान बरामद किए जा सकें. जांच एजेंसियों का दावा है कि इन सबूतों से केस की कड़ियां और मजबूत हो सकती हैं. तलाशी के दौरान कुछ अहम सामान भी बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
इस बीच जांच में एक तीसरे युवक का नाम भी सामने आया है. पुलिस सूत्रों का दावा है कि यह युवक मुख्य आरोपी चेतन चौधरी का क्लासमेट है और उसे घटना से पहले पूरी प्लानिंग बताई गई थी. हालांकि इसको लेकर पुलिस की तरफ से अब तक कुछ भी नहीं कहा गया है.
लगातार कड़ियां जुटाने में जुटी पुलिस
इस बीच पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शी न होने के कारण डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है. जांच टीम ने सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी का पॉलीग्राफ (लाई डिटेक्टर) टेस्ट कराने की भी तैयारी शुरू कर दी है. इसके साथ ही दोनों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने की कोशिश की गई है.
पहले ही बना ली थी हत्या की साजिश
पुलिस का आरोप है कि केतन अग्रवाल की हत्या पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा थी. हालांकि सिया और चेतन दोनों पूछताछ में एक-दूसरे पर साजिश का आरोप लगाते रहे हैं. दोनों के अलग-अलग बयानों की जांच डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों से की जा रही है.
फिलहाल सिया का मीडिया के सामने मिडिल फिंगर दिखाने वाला वीडियो पूरे मामले में नया विवाद खड़ा कर चुका है. वहीं पुलिस का कहना है कि उसका पूरा ध्यान केवल सबूत जुटाकर अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश करने पर है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter