‘मैं बेगुनाह हूं…’, SC में सोनम रघुवंशी का हलफनामा, बोली- मुझे झूठा फंसाया गया

Raja Raghuvanshi murder case: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में जवाबी हलफनामा दाखिल कर खुद को निर्दोष बताया है. सोनम ने अदालत से कहा है कि उसे इस मामले में गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है और अभियोजन पक्ष के आरोप केवल परिस्थितिजन्य साक्ष्यों व आशंकाओं पर आधारित हैं. उसका कहना है कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगना ही उसे दोषी साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं होता. सोनम ने आगे कहा कि ‘मैं बेगुनाह हूं, मुझे झूठा फंसाया गया है.’ अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को दोबारा सुनवाई करेगा.

जमानत रद्द करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय पुलिस की उस याचिका पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसमें हाई कोर्ट द्वारा सोनम को दी गई जमानत को चुनौती दी गई है. हालांकि अदालत ने सोनम को नोटिस जारी कर यह स्पष्ट करने को कहा था कि उनकी जमानत क्यों न रद्द की जाए.

अपने हलफनामे में सोनम ने कहा है कि जमानत मिलने के बाद से उसने जांच और ट्रायल की पूरी प्रक्रिया में लगातार सहयोग किया है. सोनम ने अदालत को बताया कि मुकदमे की सुनवाई में हो रही देरी के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. साथ ही सोनम ने जमानत की सभी शर्तों का पालन करने का दावा भी किया.

पिछली सुनवाई में उठाए थे गिरफ्तारी पर सवाल
पिछली सुनवाई के दौरान सोनम की ओर से पेश वकील ने दावा किया था कि गिरफ्तारी के समय उसे न तो कानूनी सहायता उपलब्ध कराई गई और न ही गिरफ्तारी के स्पष्ट कारण बताए गए. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाते हुए पूछा था कि यदि यह मुद्दा इतना महत्वपूर्ण था तो पहले अदालत के समक्ष क्यों नहीं रखा गया. कोर्ट ने यह भी जानना चाहा था कि यदि जमानत तकनीकी आधार पर मिली है, तो क्या कानून पुलिस को दोबारा गिरफ्तारी से रोकता है.

मेघालय सरकार ने बताया गंभीर मामला
वहीं, मेघालय सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में कहा था कि यह बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला है. उन्होंने चार्जशीट का हवाला देते हुए दावा किया कि सोनम रघुवंशी कथित रूप से हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में शामिल थीं. उन्होंने यह भी बताया कि निचली अदालत पहले तीन बार उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी है. उन आदेशों में प्रथम दृष्टया मजबूत साक्ष्य और उनके फरार होने की आशंका का उल्लेख किया गया था.

ट्रायल जारी, अगली सुनवाई पर नजर
फिलहाल राजा रघुवंशी हत्याकांड का ट्रायल जारी है और मामले में अंतिम फैसला आना बाकी है. सोनम रघुवंशी फिलहाल जमानत पर हैं, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सुनवाई चल रही है. मेघालय सरकार और मृतक के परिजन उनकी जमानत रद्द कराने की कोशिश में जुटे हैं. ऐसे में सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई को इस मामले की आगे की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव माना जा रहा है.

Check Also

बुलंदशहर में रफ्तार का कहर, कार और टैंकर की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के…

बुलंदशहर। जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां, बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *