मैथन (धनबाद)। झारखंड के धनबाद में कोयला तस्करों के बढ़ते दुस्साहस के बीच ईसीएल की राजपुरा परियोजना में सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी पर एक महिला और पुरुष ने कथित तौर पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मुक्कों और डंडों से उनकी पिटाई की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। घटना के विरोध में मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा खोल दिया और परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया।
कोयला चोरी रोकने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दिलीप सतनामी राजपुरा ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) से मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने डंडे और मुक्कों से उनके साथ मारपीट की, जिससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि विवाद की वजह कोयला चोरी रोकना था। इसी दौरान आरोपितों ने सुरक्षाकर्मी पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया और मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद परियोजना में काम करने वाले मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों में नाराजगी फैल गई।
मारपीट के विरोध में उत्पादन बंद, आंदोलन की चेतावनी
घटना को लेकर बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि राजपुरा परियोजना में मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे पहले भी कोयला तस्करों द्वारा ऐसी वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट के विरोध में शुक्रवार सुबह से ही परियोजना का उत्पादन बंद करा दिया गया है। राजपुरा प्रबंधन और गलफरबाड़ी ओपी पुलिस जब तक आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर पूरी परियोजना बंद कराने की भी चेतावनी दी गई है।
प्रबंधन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले को लेकर राजपुरा प्रबंधन से शिकायत की गई है। प्रबंधन की ओर से गलफरबाड़ी ओपी में शिकायत दर्ज कराने और उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया है।
कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने भी सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल दो लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
CISF पर हमले के बाद फिर सामने आई मारपीट की घटना
गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल छीनने की घटना सामने आई थी। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि राजपुरा परियोजना में सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की दूसरी घटना हो गई। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था और कोयला तस्करों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट के विरोध में परियोजना का उत्पादन बंद है। अब देखना होगा कि प्रबंधन और पुलिस प्रशासन आरोपितों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं और कब तक परियोजना में कामकाज सामान्य हो पाता है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter