Armen Attain: टोरेस निवेश धोखाधड़ी मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की गई है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने यूक्रेनी अभिनेता आर्मेन एटेन को गिरफ्तार किया है। धोखाधड़ी मामले में अभिनेता की भूमिका सामने आने के बाद यह गिरफ्तारी की गई है। आर्मेन एटेन को पश्चिमी उपनगर मालवानी से गिरफ्तार किया गया। धोखाधड़ी की रकम 87 करोड़ रुपये से अधिक है।
बता दें कि पुलिस ने टोरेस निवेश घोटाले के सिलसिले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक ‘एटेन यूक्रेन के लोगों और भारतीयों के बीच मुख्य कड़ी था। उसने यूक्रेन के लोगों को भारतीयों से मिलवाया और मुंबई में टोरेस स्टोर खोलने के लिए दो अहम बैठकों में भी शामिल हुआ था। सभी बैठकों के संचालन में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।
पुलिस के अनुसार एटेन और एक अन्य यूक्रेनी नागरिक ने निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का लालच देने की साजिश रचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने सोमवार को कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तौसीफ रियाज को पुणे जिले के लोनावाला से गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि बाकी बचे हुए आरोपियों की तलाश जारी है। टोरेस ज्वैलरी स्टोर्स की विभिन्न योजनाओं में निवेश करने वाले सैकड़ों निवेशकों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 3,700 से अधिक निवेशक धोखाधड़ी की शिकायत लेकर मुंबई पुलिस के पास पहुंचें। उन्हें आकर्षक रिटर्न का लालच देकर टोरेस पोंजी निवेश योजनाओं में इनवेस्टमेंटकरवाया गया था। धोखाधड़ी की रकम 100 करोड़ रुपए से अधिक है। टोरेस ब्रांड के तहत काम करने वाली टोरेस ज्वैलरी पर पोंजी स्कीम और मल्टी-लेवल मार्केटिंग से जुड़े कई घोटाले को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच कर रही है।