बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर हिंदू विरोधी कमेंट्स को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. तनाव बढ़ने के बाद पथराव हो गया. बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ. कई पुलिसकर्मी और आम लोग घायल हो गए हैं. कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. इसके साथ ही विधायक सुशांत शुक्ला ने भी निरीक्षण किया. इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है.
दरअसल, ये पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके का है. इस पूरे विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर कमेंट के बाद हुआ. बताया जा रहा है कि कहासुनी से शुरू हुआ मामला हिंसक बन गया. इसके बाद देखते-देखते पथराव हो गया. दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हो गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर लोगों ने हमला कर दिया.
पथराव में टीआई घायल हुए
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि दो लोगों में विवाद हुआ. पुरानी रंजिश के मामले में एक ने दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया. इसके बाद कई अन्य लोग वहां पहुंचे. इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव होने लगा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को खदेड़ा और पेट्रोलिंग की जा रही है. इस मामले जो भी आरोपी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आगे कहा कि टीआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. इसके साथ ही तीन अन्य लोग घायल हुए हैं. सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीण क्षेत्रों से पुलिस बल को बुलाया गया है. करीब 250 से 300 जवान और तैनात किए जाएंगे. इसे संस्कारधानी कहा जाता है. यहां के लोग बुद्धिमान हैं. लोगों से अपील की जाती है कि किसी भी व्यक्ति के बहकावे में ना आएं.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter