शहडोल। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सड़क हादसों में असमय लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला शहडोल जिले का है जहां सड़क हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई और मां-बाप गंभीर रूप से घायल है। मृतकों और घायलों की शिनाख्ती नहीं हो पाई है।
दरअसल घटना शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के सेझहरी मोड़ के पास की है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया जिससे दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई और मां-बाप गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में एक बेटी और एक बेटा शामिल है। मां बाप को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बच्चों और घायलों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों के अस्पताल और मृतकों के शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।