Neet PG Exam Date: 3 अगस्त को होगी नीट पीजी परीक्षा, सुप्रीम कोर्ट ने दी इजाजत

नीट पीजी परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स का इंतजार खत्म हो गया है। नीट पीजी परीक्षा 3 अगस्त को होगी। सुप्रीम कोर्ट (Supreme court) के आदेश के बाद 3 अगस्त को सिंगल शिफ्ट में नीट पीजी 2025 की परीक्षा आयोजित होगी। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) ने सुप्रीम कोर्ट में 3 अगस्त को परीक्षा करवाने की जानकारी दी। इसके बाद शीर्ष न्यायालय ने एनबीई के आवेदन को मंजूर कर लिया। यह शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी।

इससे पहले 30 मई को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि NEET PG परीक्षा केवल एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाए। इसके बाद, NBE ने शीर्ष अदालत में एक आवेदन दायर कर परीक्षा को बाद की तारीख पर पुनर्निर्धारित करने के लिए समय बढ़ाने की मांग की क्योंकि एकल-शिफ्ट के आदेश का पालन करने के लिए नए सिरे से व्यवस्था करनी होगी। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने के लिए बहुत सारी तैयारियों की जरूरत होती है।

आज की सुनवाई के दौरान वकील ने कहा कि सिंगल शिफ्ट में परीक्षा कराने की वजह से तिथि को आगे बढ़ाना पड़ रहा है। यही मांग हमने आवेदन में की है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आपको इतना समय क्यों लग रहा है? इस पर एनईबी के वकील ने कुछ बातें कहीं। फिर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये बहुत ज्यादा समय है। पूरी प्रक्रिया में देरी हो रही है। एनबीई ने कहा कि कुल 2 लाख 50 हजार के करीब उम्मीदवार है। लगभग 450 केंद्र थे. चूंकि हमें एक ही शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करनी है, इसलिए हमें कम से कम 500 केंद्रों की आवश्यकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने पूछे तल्ख सवाल
केंद्रों की पहचान करने, सुरक्षा उपायों की व्यवस्था करने और छात्रों को परीक्षा केंद्र चुनने की अनुमति देने में समय लगेगा। इस पर जस्टिस पीके मिश्रा ने कहा लेकिन आपको 3 अगस्त तक का समय चाहिए? इतना समय क्यों? वहीं, जस्टिस मसीह ने कहा कि आपने प्रक्रिया शुरू भी नहीं की है। जबकि आदेश 30 मई को पारित हुआ था. उसके बाद आपने क्या किया? इससे देरी हो रही है. आपको दो महीने क्यों चाहिए? इस पर एनबीई ने कहा कि हमें केंद्रों की संख्या दोगुनी करनी होगी। फिर हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि केंद्र सुरक्षित हों, इसमें समय लगेगा. उसके बाद छात्रों को केंद्रों के बारे में सूचित करना होगा।

बता दें कि नीट पीजी परीक्षा से कम से कम 4 दिन पहले आपको एडमिट कार्ड मिल जाएगा, जिसमें आपके सेंटर की पूरी जानकारी दी गई होगी। परीक्षा की तारीख से कम से कम दो हफ्ते पहले आपको बता दिया जाएगा कि आपका एग्जाम किस शहर में है।

Check Also

बंगाल में ED की ताबड़तोड़ कार्रवाई, हावड़ा और सिलीगुड़ी समेत 4 जिलों के 10 ठिकानों पर रेड, अवैध कॉल सेंटर को लेकर हुई छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बंगाल में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है. पश्चिम बंगाल में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *