Ambikapur: अंबिकापुर स्थित महिला थाना की पुलिस ने तहसीलदार दंपति के टूट चुके रिश्ते में जान भरने का काम किया है. शादी के 50 दिन बाद ही पति-पत्नी में ऐसा विवाद हुआ कि दोनों के रिश्ते अलग-अलग हुए थे और मामला पुलिस तक पहुंच चुका था, लेकिन महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज ने दोनों के रिश्ते को कई काउंसलिंग के बाद जान डाला. अब 3 साल बाद फिर दोनों साथ हुए हैं.
क्या है पूरा मामला?
- सरगुजा के सीतापुर इलाके में रहने वाली रेनु गुप्ता की शादी 25 नवम्बर 2022 को झलमला बालोद निवासी राहुल गुप्ता के साथ बालोद में सामाजिक रीति रिवाज से सम्पन्न हुई थी.
- राहुल गुप्ता वर्तमान में तहसीलदार के पद पर जगदलपुर में पदस्थ हैं. शादी के बाद रेनू अपने पति के साथ व ससुराल में लगभग 50 दिन ही रही थी कि पति पत्नी के बीच आपसी पारिवारिक संबंध खराब हो गए.
- इसके बाद 14 जनवरी 2023 से रेनु गुप्ता अपने मायके सीतापुर में रह रही थी. आपसी संबंध खराब होने से राहुल गुप्ता अपने पत्नी रेनु गुप्ता को साथ रखने से इंकार कर दिया था.
- रेनु गुप्ता अपने पति के साथ रहना चाहती थी, इसलिए कुटुम्ब न्यायालय में पारिवारिक दाम्पत्य के लिए प्रकरण दर्ज कराई जो प्रकरण न्यायालय से खारिज हो गया तो रेनु गुप्ता अपने पति राहुल गुप्ता एवं पति के अन्य रिश्तेदार के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कराने महिला थाना में शिकायत पत्र प्रस्तुत की.
- वरिष्ठ अधिकारियो के दिशा निर्देश में महिला थाना अंतर्गत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में विवाद की स्थिति मे आए जोड़ो के मध्य कॉउंसलिंग कराकर विवादों का स्थाई समाधान करने के निर्देश दिए थे.
- इसी क्रम में महिला थाना में रेनु गुप्ता व तहसीलदार राहुल गुप्ता एवं दोनों पक्षों के परिजनों की उपस्थिति में काउंसलिंग व समझाईस देकर उनके बीच पारिवारिक संबंध बहाल करने का बहुत प्रयास किया गया.
तीन साल बाद महिला थाना में जुड़ा रिश्ता
प्रथम काउंसलिंग में ही राहुल गुप्ता ने पत्नी रेनु गुप्ता को स्पष्ट रूप से नहीं रखने की बात बोलकर साथ ले जाने से इंकार कर दिया. दोनों के रिश्ते लगभग समाप्त होने की स्थिति में था लेकिन महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज एवं काउंसलिंग टीम के द्वारा लगातार प्रयास कर पुनः 31 जनवरी 2026 को दोनों पक्षों को थाना उपस्थित कर काउंसलिंग किया. इसके बाद राहुल गुप्ता अपनी पत्नी को साथ रखने हेतु सहमत होने पर दोनों पक्षों में आपसी समझौता कराया गया.
पढ़े-लिखे शिक्षित परिवार के पति पत्नी के आपसी रिश्ते जो लगभग पूर्णतः टूट चुका था महिला थाना में कांउंसलिंग के फलस्वरूप पति पत्नी के रिश्ते को जोडकर रेनु गुप्ता एवं उसके पति राहुल गुप्ता को एक साथ रहने हेतु परिवार जनों के समक्ष जगदलपुर रवाना किया गया।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter