Budget 2026-27: बृजमोहन अग्रवाल ने बजट को बताया विकसित भारत का संकल्प, राहुल गांधी के व्यवहार की निंदा

रायपुर। संसद के बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट पर चर्चा करते हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसे देश और प्रदेश के लिए लाभकारी बताया। साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सदन में दिए गए वक्तव्य और व्यवहार की आलोचना की।

सांसद अग्रवाल ने अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला है। यह केवल योजनाओं का नहीं, बल्कि परिणाम देने वाला बजट है, जो किसानों के सम्मान, युवाओं के अवसर, महिलाओं की शक्ति और गरीबों की सुरक्षा को समर्पित है।

राहुल गांधी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्रवाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने मार्शल आर्ट की बात की, जबकि भारतीय राजनीति में देशी दांव ज्यादा कारगर होते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तीन चुनावों में मिली जीत इसी रणनीति का परिणाम है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि यह खर्च का नहीं, बल्कि निवेश का बजट है, जो देश के भविष्य की नींव को मजबूत करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में संसाधन तो थे, लेकिन स्पष्ट दिशा और संकल्प का अभाव रहा।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के भाषण में शब्द अधिक थे, लेकिन समाधान नहीं थे। बजट पर ठोस सुझाव देने के बजाय केवल आरोप लगाए गए। अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश ने गति, गौरव और वैश्विक पहचान प्राप्त की है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत और आत्मविश्वास का प्रतीक है। अब भारत न रुकेगा, न झुकेगा और न थमेगा। देश सफलता की नई इबारत लिख रहा है और यह बजट उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।

Check Also

‘ग्रहण मंत्री’ बयान पर सियासी तकरार तेज, विजय शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार

रायपुर। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा ‘ग्रहण मंत्री’ कहे जाने पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *