सागर में एक ही गांव के दर्जनभर से ज्यादा लोग बीमार, गर्भवती महिला और 5 साल के बच्चे की मौत से मचा हड़कंप

MP News: सागर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक ही गांव के दर्जनभर से ज्यादा लोग अचानक बीमार पड़ गए हैं. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि गांव में एक गर्भवती महिला और एक 5 साल के बच्चे की मौत हो गई है, जबकि 10 से ज्यादा लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल सभी का इलाज जारी है.

स्‍वास्‍थ्‍य महकमे में मची अफरा-तफरी
एक साथ इतने लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में अफरा-तफरी मच गई. मामले की जांच के लिए CMHO खुद मौके पर पहुंचीं. बताया जा रहा है कि सागर जिले के देवरी क्षेत्र के पड़रई खुर्द गांव में यह मामला सामने आया है.

इस बीच, जब विस्तार न्यूज की टीम मौके पर पहुंची तो कैमरा देखते ही CMHO ममता तिमोरे वहां से नजर चुरा कर निकल गई. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और बीमार लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं.

प्रदेश में स्‍वास्‍थ्‍य व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
हाल ही में प्रदेश में स्‍वास्‍थ्‍य व्‍यवस्‍थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे, जब छिंदवाड़ा में कफ सिरप से कई मासूमों की जान चली गई थी. जिसके बाद से ही सरकार और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग सख्‍त नजर आ रहा था. सरकार ने प्रदेश से तीन कफ सिरप को बैन कर दिया था और इसको बनाने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई की थी. लेकिन अब सागर के एक ही गांव में दर्जनभर लोगों का इस तरह से बीमार होना और एक गर्भवती महिला समेत 5 साल के बच्‍चे की मौत ने एक बार फिर स्‍वास्‍थ्‍य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Check Also

दक्षिण भारत में कुदरत का डबल अटैक! चक्रवात ‘मुरासु’ से तबाही, HPCL रिफाइनरी में धमाके के बाद लगी आग

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात ‘अर्नब’ से हुए नुकसान के कुछ ही दिनों बाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *