ट्रेन से गिरा ITBP का जवान, इलाज के दौरान तोड़ा दम, डारागांव ने अपने बेटे को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

बालोद। डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम डारागांव निवासी भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान तुलेश उर्वशा की ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी. सोमवार सुबह 7 बजे उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम डारागांव लाया गया. अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीणों ने वीर जवान को श्रद्धांजलि देते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी.

जानकारी के अनुसार, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान तुलेश उर्वशा (32) दिल्ली से ट्रेनिंग पूरी कर पंजाब के जालंधर स्थित अपनी यूनिट लौट रहे थे. शुक्रवार को ट्रेन से उतरते वक्त उनका बैग ट्रेन में फंस गया और संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े. हादसे के तुरंत बाद उनके साथियों ने उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी तो मिल गई, लेकिन कुछ ही देर में तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया.

तुलेश उर्वशा ने साल 2014 में ITBP जॉइन किया था. करीब दो साल पहले उनका विवाह हुआ था, और उनकी 8 माह की एक बेटी है. घर में वे इकलौते पुत्र थे. दो दिन बाद सोमवार सुबह 7 बजे उनका पार्थिव शरीर रायपुर होते हुए उनके गृहग्राम डारागांव लाया गया. रायपुर में श्रद्धांजलि देने के बाद ITBP के अधिकारी और जवान पार्थिव शरीर को लेकर गांव पहुंचे. गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया. गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी के साथ विदाई दी गई.

जवान के अंतिम दर्शन के लिए गांव उमड़ पड़ा. जैसे ही शव गांव पहुंचा, माता-पिता और पत्नी बदहवास हो उठे. उनकी हालत देख पूरे गांव की आंखें नम हो गईं. हमेशा के लिए खामोश हो गए वीर जवान को श्रद्धांजलि देते हुए डारागांव सहित आस-पास से लोगों ने अंतिम विदाई दी.

Check Also

CG Budget Session: बजट सत्र का 14वां दिन, आज सदन में गरमाएगा माहौल, प्रश्नकाल के दौरान उठेगा ये मुद्दा

CG Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 14वां दिन हैं. सदन की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *