Breaking News

बड़ा हादसा: खेत में तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से मां के साथ दो बेटों की मौत, गांव में पसरा मातम

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भाड़म में एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो पुत्र शामिल हैं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के उद्देश्य से GI तार एवं नायलॉन रस्सी के माध्यम से खेत की घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनके दो पुत्र विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद थे। इसी दौरान तीनों किसी तरह करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतका के पति सीताराम सिंगरौल पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों पुत्र घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए और तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए।

प्रारंभिक जांच में घटना का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि, खेत की घेराबंदी के दौरान करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Check Also

Rajnandgaon Cow Slaughter Case: 300 रुपये किलो गोमांस बेचने का आरोप, नागपुर से बुलाया जाता था कसाई

Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव गौहत्या कांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *