MP News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के हाट की चौकी क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 35 साल की महिला एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के से निकाह करने पर अड़ गई. महिला ने नाबालिग के घर जाकर खूब हंगामा किया और शादी के लिए दबाव भी बनाया. बताया जा रहा है कि महिला पहले ही 2 निकाह कर चुकी है. पहले पति की मौत हो चुकी है और दूसरे से तलाक ले चुकी है. अब वह तीसरा निकाह इस नाबालिग से करना चाहती है.
नाबालिग को गलत काम के लिए उकसा रही थी महिला- पुलिस
रतलाम डीडी नगर थाना प्रभारी मनीष डावर ने इस मामले में जानकारी देते हुए कहा, “35 साल की महिला तीसरे विवाह को लेकर जिद कर रही थी, पहले पति की किसी बीमारी से मौत हो गई, दूसरा, जो कि 17-18 साल का था, उससे 2 बच्चे हैं और उससे तलाक के बाद अब महिला तीसरी शादी के लिए 17 साल के लड़के को बहला फुसलाकर तैयार करने की कोशिश की.”
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना लड़के के परिजनों को मिली तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि महिला नाबालिग को लगभग 1 साल से जानती थी और उसे गलत काम के लिए उकसा रही थी. महिला की जिद इस कदर हावी हुई कि वो नाबालिग के घर जाकर हंगामा भी करने लगी थी. हंगामे से परेशान होकर नाबालिग के परिजनों ने दीनदयाल नगर थाने में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की.
एक शादी समारोह में मेरे बेटे से मिली थी महिला- नाबालिग का पिता
नाबालिग के पिता ने बताया कि करीब एक साल पहले एक शादी समारोह में उनके बेटे की मुलाकात इस महिला से हुई थी. इसके बाद महिला बार-बार फोन कर उसे अपने घर बुलाने लगी, जब पिता को शक हुआ तो उन्होंने महिला से बातचीत की, जिस पर महिला ने पहले तो रिश्ते से इनकार कर दिया, लेकिन अब खुलेआम घर पहुंचकर बेटे से निकाह की जिद पर अड़ी है.
फिलहाल दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने महिला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter