निवाड़ी। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी ओरछा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ बेतवा नदी में नहाते समय डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के बचौनी गाँव के रहने वाले 25 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा (पुत्र श्री हरिराम विश्वकर्मा) अपने परिवार के साथ ओरछा घूमने आए थे। परिवार ने ओरछा सेंचुरी से टिकट लिया था और वे बेतवा नदी में स्नान कर रहे थे।
नहाने के दौरान अचानक अरुण गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूबने लगे। परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय गोताखोर तुरंत मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पर्यटक पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और छुट्टियों का आनंद मातम में बदल गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल खड़ा होता है कि नदी या जल स्रोतों के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और प्रशासनिक निगरानी कितनी जरूरी है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter