मातम में बदला खुशी का माहौल, बहन का तिलक चढ़ाने जा रहे भाई की सड़क दुर्घटना में मौत, दो लोग गंभीर रूप से घायल

कैमूर। जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मामा देव के समीप एक सड़क दुर्घटना में एक की मौत हो गई है। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बड़ी तकिया गांव निवासी रामविलास राम के 23 वर्षीय पुत्र बड़ा बाबू के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान बड़ी तकिया गांव निवासी सीताराम के पुत्र राकेश कुमार और लथेरू राम के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।

बहन का तिलक चढ़ाने जा रहा था मृतक
जानकारी के अनुसार मृतक बड़ा बाबू दहेज में देने वाली बाइक और अपने दो दोस्तों के साथ अपने गांव बड़ी तकिया से गायघाट अपनी बहन का तिलक चढ़ाने जा रहा था। तभी रास्ते में मोहनिया थाना अंतर्गत मामा देव के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इस टक्कर में बड़ा बाबू की मौत घटनास्थल पर ही हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों को यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी के द्वारा मोहनिया के अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर मोहनिया भाग 3 के जिला परिषद सदस्य गीता पासी भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गई और मृतक के बड़े भाई को सांत्वना दी। जिला परिषद सदस्य गीता पासी ने मोहनिया थाने को सूचित किया। सूचना पाकर मोहनिया थाना प्रभारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा। उधर हादसे की खबर मिलते ही खुशी का माहौल गम में बदल गया और परिजनों में चीख पुकार मच गई।

Check Also

Ujjain News: सिंहस्थ से पहले फर्जी साधुओं पर सख्ती की तैयारी, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष बोले- कालनेमी अभियान चलाकर होगी जांच

Ujjain News: उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ से पहले साधु-संतों से जुड़े विवाद लगातार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *