रेल यात्रा के दौरान किसी भी तरह की समस्या का समाधान अब रेलवे एक एसएमएस के जरिए करेगा। इतना ही नहीं, ट्रेन से लेकर पार्सल सेवा से जुड़ी जानकारी भी अब एक ही एसएमएस पर उपलब्ध होगी। इसके लिए यात्रियों को सिर्फ 139 नंबर पर मैसेज करना होगा। अब तक इस नंबर पर केवल कॉल के जरिए ही सेवाएं मिलती थीं, जिसमें काफी समय लगता था। नई एसएमएस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को तेज, आसान और सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य यह है कि यात्रियों को रेल सफर के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो और यदि कोई समस्या उत्पन्न हो तो उसका तुरंत निपटारा किया जा सके। इसी सोच के तहत 139 पर कॉल सुविधा के साथ-साथ रेल मदद ऐप की शुरुआत की गई थी।
इसी कड़ी में अब रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 139 पर मैसेज सेवा भी शुरू कर दी है। इसके शुरू होने से यात्री अब पीएनआर स्टेटस, ट्रेन के समय, मौजूदा लोकेशन, परिचालन की स्थिति समेत अन्य जरूरी जानकारियां आसानी से एक एसएमएस के जरिए प्राप्त कर सकेंगे।
शिकायत भी कर सकते हैं
इतना ही नहीं, यदि रेल यात्रा के दौरान या स्टेशन पर इंतजार करते समय यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी होती है, तो वे उसकी जानकारी एसएमएस के जरिए भी भेज सकेंगे। इसमें गंदगी, बिजली, शौचालय, पानी जैसी समस्याएं शामिल होंगी। जैसे ही रेलवे को एसएमएस प्राप्त होगा, शिकायत दर्ज कर संबंधित विभाग के कर्मचारियों को समाधान के लिए भेजा जाएगा।
हालांकि, शिकायत दर्ज कराने के लिए 139 पर कॉल करने और रेल मदद ऐप की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यह कदम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। इससे रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter