Breaking News

छत्तीसगढ़ में AI आधारित शिक्षा की तैयारी, आत्मानंद स्कूलों के प्राचार्यों की आज गूगल के साथ कार्यशाला

रायपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस दौड़ में पीछे न रह जाएं, इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग गूगल के साथ मिलकर नई तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में आज आत्मानंद स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक और कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें गूगल के विशेषज्ञ नई तकनीकों और AI आधारित शिक्षा प्रणाली की जानकारी देंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर सरकार का विशेष जोर है। आने वाले समय में बच्चों को बारहखड़ी से लेकर AI तक की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे आधुनिक तकनीक से परिचित हो सकें। उन्होंने बताया कि गूगल के विशेषज्ञ प्राचार्यों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे आगे शिक्षकों और छात्रों तक AI आधारित शिक्षा पहुंचाई जा सके।

मंत्री यादव ने कहा कि 15 अप्रैल से 15 जून तक शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही छात्रों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि आधुनिक और तकनीकी शिक्षा का लाभ सीधे बच्चों तक पहुंच सके।

प्राइवेट स्कूलों की किताबों के बढ़े दाम और वेंडरों की मनमानी पर मंत्री ने कहा कि कई संस्थानों से शिकायतें मिली हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और कई जगह छापेमारी भी की गई है। उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर की सुरक्षा को लेकर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस बार पूरी कड़ाई के साथ व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पिछली बार पेपर लीक नहीं हुआ था, सिर्फ शक के आधार पर कार्रवाई की गई थी, और इस बार भी मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

कांग्रेस की बैठक पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की तुलना भारतीय जनता पार्टी से नहीं की जा सकती। वहीं RTE को लेकर प्राइवेट स्कूलों की मांग पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जो व्यवस्था लागू है, वह कई राज्यों से बेहतर है और कम संसाधनों में भी काम किया जा रहा है।

Check Also

CG: फाइलों में सुविधा, जमीन पर मजबूरी! महज ₹1500 के लिए सास को कंधे पर लादकर 9 किमी चली बहू

CG News: केंद्र सरकार हो या फ‍िर राज्‍य सरकार हमेशा ही अपनी योजनाओं को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *