Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को बड़ा कानूनी झटका लगा है और उन्हें दोबारा जेल जाना पड़ सकता है। PTI के मुताबिक, दिल्ली हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज सात चेक बाउंस मामलों में 3 महीने की सजा सुनाई है। कोर्ट ने अभिनेता को शिकायतकर्ता को निर्धारित मुआवजा राशि का भुगतान करने का भी निर्देश दिया है।
जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए अभिनेता को शिकायतकर्ता को निर्धारित मुआवजा राशि का भुगतान करने का भी निर्देश दिया है।
करोड़ों रुपए चुकाने का आदेश
अदालत ने राजपाल यादव को प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ता को 1.05 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, उन्हें शिकायतकर्ता को 1.04 करोड़ रुपये और राज्य को 25 हजार रुपये देने का भी आदेश दिया गया है।
पत्नी राधा यादव को भी भुगतान का निर्देश
दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव को भी प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ता को 5.51 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया है। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि राजपाल यादव द्वारा पहले से जमा कराए गए 2.25 करोड़ रुपये की राशि को अंतिम भुगतान में समायोजित किया जाएगा।
2010 में लिया था 5 करोड़ रुपये का कर्ज
यह मामला साल 2010 का है। राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी, जिसके चलते आर्थिक नुकसान हुआ और कर्ज चुकाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बाद में यह मामला चेक बाउंस के मुकदमों में बदल गया।
पहले भी हो चुकी है सजा
इस मामले में वर्ष 2018 में निचली अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा यादव को दोषी ठहराते हुए 6 महीने की जेल की सजा सुनाई थी। बाद में 2019 में सेशन कोर्ट ने भी इस फैसले को सही माना।
इसके बाद अभिनेता ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने पहले उनकी सजा पर अस्थायी रोक लगाते हुए बकाया राशि चुकाने का मौका दिया था, लेकिन तय समय के भीतर भुगतान की शर्तें पूरी नहीं हो सकीं।
फरवरी में करना पड़ा था सरेंडर
इस साल फरवरी में अदालत ने राजपाल यादव को सरेंडर करने का निर्देश दिया था, क्योंकि उन्होंने भुगतान को लेकर दिए गए आश्वासन पूरे नहीं किए थे। इसके बाद अभिनेता ने अदालत के आदेश का पालन करते हुए सरेंडर किया और कुछ समय तक न्यायिक हिरासत में भी रहे। बाद में आंशिक भुगतान करने के बाद उन्हें अंतरिम राहत मिल गई थी।
आर्थिक तंगी का किया था जिक्र
सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने एक इंटरव्यू में अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भावुक प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उनके पास बकाया राशि चुकाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं और उन्हें कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आ रहा।
मुश्किल वक्त में इंडस्ट्री ने दिया साथ
राजपाल यादव के कठिन दौर में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार उनके समर्थन में सामने आए। सोनू सूद, मीका सिंह, सलमान खान जैसे कुछ अभिनेताओं ने आर्थिक मदद की, जबकि कई निर्माताओं और निर्देशकों ने उन्हें अपनी आगामी प्रोजेक्ट्स में काम देकर अग्रिम भुगतान भी किया। इससे अभिनेता को कानूनी प्रक्रिया के दौरान कुछ राहत मिली।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter