दर्दनाक हादसा : करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, कपड़े निकालने बालकनी में गई थी महिला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सूखने के लिए टंगे कपड़े निकालने गई थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। अपनी मां को करंट से चिपका देख उसे बचाने के लिए पहुंचा 23 वर्षीय बेटा भी करंट की चपेट में आ गया।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कल्याणी बाई यादव (54 वर्ष) और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे के साथ बेटी से मिलने छत्तीसगढ़ नगर आई थी। मृतका मूल रूप से धरसींवा के कूंरा गांव की रहने वाली थी, जहां उनका परिवार कृषि कार्य करता है।

पुलिस के अनुसार, महिला की बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। महिला अपनी बेटी से मिलने के लिए यहां आई हुई थी। शुक्रवार दोपहर वह कपड़े निकालने के लिए बालकनी में गई थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। मां को करंट से चिपका देख उनका बेटा उन्हें बचाने के लिए पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

कूलर से फैला करंट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और बालकनी की रेलिंग के बीच जीआई पाइप बांधा गया था। बताया जा रहा है कि कूलर में करंट आने के कारण वह बालकनी और जीआई पाइप तक फैल गया। कपड़े निकालने के दौरान महिला जीआई पाइप के संपर्क में आई और करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने पहुंचे बेटे की भी करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर जांच में जुट गई है।

Check Also

Dhamtari: फर्जी कागजात के सहारे 40 लाख की ठगी का खेल, जमीन बेचने की कोशिश में दो गिरफ्तार

Dhamtari News: मगरलोड पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *