झांसी. जिले में 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा वंशकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में उसका शव बिस्तर पर मिला. परिवार ने उसके पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि घटना के बाद से यश फरार बताया जा रहा है.
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता
शिवानी और यश की मुलाकात करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. पहले दोनों में दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्रेम में बदल गया. परिवार की सहमति के बाद करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने शादी कर ली.
शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगे. परिवार का आरोप है कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था और मारपीट भी होती थी. विवाद बढ़ने के बाद शिवानी अपने पति का घर छोड़कर मायके आ गई थी और करीब तीन महीने से अपनी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत के साथ रह रही थी.
घटना वाली रात क्या हुआ
यश कभी-कभी शिवानी से मिलने झांसी आता था. घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था. मामला बढ़ने पर पास रहने वाले शिवानी के मामा संतोष वहां पहुंचे और दोनों को समझाकर विवाद शांत कराया. इसके बाद शिवानी खाना बनाने लगी और कुछ देर बाद यश के साथ दूसरे कमरे में चली गई. उसकी बहन मुस्कान अपने कमरे में सोने चली गई थी.
रात करीब दो बजे यश ने मुस्कान से अपना बैग और कुछ सामान मांगा. मुस्कान ने उसे सामान दे दिया और इसके बाद सो गई. परिवार का आरोप है कि सामान लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी और वहां से चला गया.
सुबह कमरे में मिला शव
सुबह करीब पांच बजे मुस्कान की नींद खुली तो उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था. उसने दरवाजा खोलने का प्रयास किया और काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन वह बाहर नहीं निकल सकी. इस दौरान उसे शिवानी के कमरे से भी कोई आवाज नहीं सुनाई दी.
करीब नौ बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा. उसने पहले मुस्कान के कमरे की बाहर से लगी कुंडी खोली. इसके बाद शिवानी के कमरे का दरवाजा खोला गया तो वह बिस्तर पर पड़ी मिली और उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी. परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम में क्या सामने आया
पुलिस और परिवार के मुताबिक, शिवानी के गले पर चोट के निशान मिले थे. उसके चेहरे पर भी चोट के निशान बताए गए हैं. डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया.
पोस्टमार्टम में गला घोंटने की पुष्टि हुई है और चेहरे पर पांच जगह चोट के निशान मिले हैं. इसके बाद शिवानी के परिवार ने उसके पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है.
घटना के बाद से यश ठाकुर फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और ग्वालियर समेत अन्य स्थानों पर दबिश देने की बात सामने आई है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter