Dhar Crime News: मध्य प्रदेश के धार जिले में धामनोद स्थित एबी रोड पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां इंदौर में पदस्थ SAF के एक आरक्षक पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गोली चला दी. घटना में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
न्यायाधीश के आवास पर करते हैं ड्यूटी
घायल आरक्षक की पहचान रामेश्वर गोयल पिता स्व. सोभाराम उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम उठावद थाना धरमपुरी के रूप में हुई है. जो वर्तमान में प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF) इंदौर में आरक्षक क्रमांक 05 के पद पर पदस्थ हैं और पिछले 6 वर्षों से ग्राम बिखरोन थाना धामनोद स्थित ससुराल में रह रहे हैं.
जानकारी के अनुसार आरक्षक रामेश्वर गोयल रोज की तरह अपनी स्कूटी क्रमांक MP-11-MZ-4345 से दूधी बायपास स्थित कुंदा फाटे के पास मधुबन होटल तक जा रहे थे. वे वहां स्कूटी खड़ी कर बस से इंदौर में एक न्यायाधीश के निवास पर ड्यूटी के लिए जाते थे. इसी दौरान एबी रोड पर मधुबन होटल के समीप मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात आरोपियों ने उन पर गोली चला दी.
गंभीर हालत में इंदौर रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल जवान को तुरंत धामनोद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉ. श्वेता सावले ने प्राथमिक उपचार किया. हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर के सीएचएल अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के मुताबिक घायल आरक्षक की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उनके लिए A पॉजिटिव रक्त की व्यवस्था की गई है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही धामनोद एसडीओपी अर्चना रावत और थाना प्रभारी संतोष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार डावर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए.
पुलिस ने साइबर सेल और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए हैं. पुलिस नाकेबंदी कर अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है और हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter