रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों और उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को धार देने और संगठनात्मक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने ‘प्रदेश चुनाव टोली’ का गठन करते हुए विभिन्न निकायों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी के इस फैसले को आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संतोष पाण्डेय से पंकज कुमार झा तक शामिल
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव द्वारा गठित प्रदेश चुनाव टोली में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इसमें संतोष पाण्डेय (प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद), अखिलेश सोनी (भाजपा प्रदेश महामंत्री), भूपेन्द्र सवन्नी (अध्यक्ष, राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण-क्रेडा), सौरभ सिंह (अध्यक्ष, खनिज विकास निगम), किशोर राय (प्रदेश संयोजक, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ), प्रफुल्ल विश्वकर्मा (अध्यक्ष, लौह शिल्पकार विकास बोर्ड) और पंकज कुमार झा (मीडिया सलाहकार) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईटी और मीडिया टीम को भी जिम्मेदारी
वहीं, टोली में पदेन सदस्य के रूप में सुनील पिल्लई (भाजपा आईटी सेल प्रदेश संयोजक), मितुल कोठारी (भाजपा सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक) और हेमंत पाणिग्रही (भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक) को शामिल किया गया है।
इन नेताओं को मिली प्रभारी और सह-प्रभारी की जिम्मेदारी
आगामी नगरीय निकाय चुनावों एवं उपचुनावों के मद्देनजर भाजपा ने विभिन्न क्षेत्रों में चुनावी जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। घोषित सूची के अनुसार, नियुक्तियां इस प्रकार हैं-
- रायगढ़ जिला- नगर पंचायत तमनार: लखनलाल साहू को प्रभारी बनाया गया है, जबकि संयोगिता सिंह जूदेव और जोगेश लाम्बा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
धमतरी जिला- नगर पंचायत बड़ी करेली: शशि पवार को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अरुण सार्वा और ज्योति चंद्राकर सह-प्रभारी होंगे। - सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला- नगर पंचायत बिलाईगढ़: यहां केवल अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए केदार गुप्ता को प्रभारी बनाया गया है, जबकि चन्द्रकुमार पटेल और अल्का चंद्राकर को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन से लेकर चुनावी मैदान तक जिम्मेदारियां तय
भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल और जिम्मेदारियों के निर्धारण से साफ है कि, पार्टी आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर रणनीतिक तैयारी में जुट गई है। प्रदेश चुनाव टोली के गठन के साथ ही अलग-अलग निकायों में प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर पार्टी ने चुनावी मोर्चे पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter