Balodabazar News: पटवारियों ने जलाईं निलंबन और तबादला आदेशों की प्रतियां, आंदोलन में प्रदेश अध्यक्ष की एंट्री

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार तेज होती जा रही है। अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर 12 अक्टूबर से हड़ताल पर बैठे पटवारियों ने अब शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को बलौदाबाजार जिला पटवारी संघ ने निलंबन आदेश, कारण बताओ नोटिस और स्थानांतरण आदेश की प्रतियां जलाकर शासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।

मांगें पूरी होने तक काम पर नहीं लौटेंगे पटवारी
इस आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश पटवारी संघ के अध्यक्ष वासुदेव कश्यप भी शामिल हुए। उन्होंने पटवारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि, जब तक शासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता, तब तक पटवारी काम पर वापस नहीं लौटेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन आने वाले दिनों में और उग्र किया जाएगा।

पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व कार्य ठप
गौरतलब है कि, पटवारी संघ ऑनलाइन एप के माध्यम से कार्य कराने की व्यवस्था सहित अपनी अन्य मांगों और स्थानांतरण संबंधी आदेशों के विरोध में 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। हड़ताल के चलते जिले में राजस्व विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। किसानों के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, गिरदावरी सहित आम नागरिकों से जुड़े कई राजस्व कार्य लंबित पड़े हैं।

दीपावली के बाद आंदोलन और तेज करने की चेतावनी
वहीं शासन की ओर से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की शर्त पर मांगों पर विचार करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है। प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव कश्यप ने दीपावली के बाद आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी है। ऐसे में पटवारियों की हड़ताल लंबी खिंचने के आसार हैं। अब देखना होगा कि, शासन और पटवारी संघ के बीच कब तक सहमति बनती है और आम जनता को राजस्व संबंधी परेशानियों से कब राहत मिलती है।

Check Also

CG Rajyotsav 2026: सेंध लेक पर वायुसेना का एयर शो, तिरंगे पैराशूट से उतरे जवान तो गूंज उठा मैदान

CG Rajyotsav Air Show: छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव में दूसरे दिन भी नवा रायपुर के सेंध …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *