7.32 Crore Drugs Recovered: भोपाल में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने मंगलवार (20 अक्टूबर) को अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) में एक संदिग्ध यात्री के पास से 9.139 किलो क्रिस्टल मेथामेफेटामाइन ड्रग्स जब्त की है. इसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये आंकी गई है. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है.
कपड़ों के बीच छिपा रखा था ड्रग्स
डीआरआई को सूचना मिली थी कि दिल्ली से भोपाल ड्रग्स की खेप लाई जा रही है. इस आधार पर टीम ने मंगलवार को कार्रवाई की. ISBT पर जैसे ही दिल्ली वाली बस पहुंची तो तलाशी ली गई. बस में एक युवक यात्री के पास से दो मीडियम साइज ट्रॉली मिली. इन बैगों की बारीकी से जांच की गई तो बड़ी मात्रा में ड्रग्स मिली.
ड्रग्स तस्कर ने सलवार सूट के पैकेटों के अंदर क्रिस्टल मेथामेफेटामाइन के 11 पैकेट छिपाकर रखे थे. फील्ड टेस्ट किट से जब इसकी जांच की गई तो ड्रग्स होने की पुष्टि हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी महाराष्ट्र में ड्रग्स सप्लाई करने जा रहा था.
6 दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई
ये 6 दिनों की भीतर ड्रग्स तस्करी के खिलाफ ये दूसरी बड़ी कार्रवाई है. 15 अक्टूबर को दिल्ली से बेंगलुरु जा रही महिला ड्रग्स तस्कर को भोपाल ISBT से पकड़ा था. आरोपी महिला के पास से 2.604 किलो एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की थी. जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये बताई गई थी.
इससे पहले 25 सितंबर को भोपाल में रेलवे स्टेशन पर नाइजीरियन महिला के पास से 4.38 किलो एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई थी. लगातार नशीली दवा की बरामदगी से साबित हो रहा है कि इंदौर-भोपाल रूट सिंथेटिक ड्रग का ट्रांजिट रूट बन गया है. एक महीने के भीतर 22 किलो से अधिक ड्रग्स बरामद की जा चुकी है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter