रायपुर। मनरेगा का नाम बदलने, सिलेंडर की बढ़ी कीमतों, किसानों पर अत्याचार, बेरोजगारी, प्रदेश में बढ़ते अपराध, जंगलों की कटाई समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव कर रही है। घेराव से पहले भारत माता चौक पर सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पायलट ने कहा कि पहले मनरेगा का 90% फंड दिल्ली से आता था। अब पैसा कौन खर्च करेगा, कितना करेगा, सब पर नियंत्रण कर दिया गया है। किसी के दबाव के सामने भारत सरकार नहीं झुकी, लेकिन अब मोदी सरकार दबाव में फैसले ले रही है। इसका नुकसान हमारे किसानों को होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि “56 इंच की बात करने वाली सरकार आज किसानों को डीएपी खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।” उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों और उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि “आज देश में आम आदमी को गैस सिलेंडर तक नहीं मिल रहा है और कीमतें ढाई हजार रुपये तक पहुंच गई हैं।” नरेंद्र भी गायब और सरेंडर भी गायब, ये नारा लोकसभा में लग रहा है। विश्व गुरु अब गुरु घंटाल बन चुके हैं, शर्म से पानी में डूब मरना चाहिए।
मोदी का नाम पनौती रखना चाहिए : बघेल
बघेल ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत मजदूरों को 15 दिनों के भीतर मजदूरी मिलने का अधिकार था, लेकिन अब केंद्र सरकार यह तय कर रही है कि किसे क्या मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले केंद्र सरकार द्वारा पूरी राशि दी जाती थी, लेकिन अब यह घटाकर लगभग 60 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे गरीबों पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “गरीबों के मूलभूत अधिकारों को खत्म किया जा रहा है और उनके मुंह से निवाला छीनने का काम किया जा रहा है। मनरेगा जैसी योजना को कमजोर कर दिया गया है।” भूपेश बघेल ने आगे कहा कि मोदी का नाम पनौती रख देना चाहिए। पहली बार पहलगाम गए तो आम लोगों की हत्या हो गई। इजरायल गए तो विश्व युद्ध शुरू हो गया।
2028 और 2029 में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा
भूपेश बघेल ने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। “2028 और 2029 में कांग्रेस की सरकार बनेगी और हम गरीबों को उनका हक और मजदूरी दिलाएंगे।” पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से कवासी लखमा को बस्तर टाइगर बोलते हुए कहा, लखमा आदिवासियों के मुद्दों को उठा रहे हैं। बीजापुर मामले को लेकर बघेल ने कहा कि बस्तर में आदिवासियों बेटियों का बलात्कार हो रहा है। अवैध गर्भपात करवाया जा रहा है। बीजेपी कार्यकर्ता और RSS के लोग जबसे वहां जाने लगे हैं तब से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में अफीम की खेती हो रही है। भाजपा नेता विनय ताम्रकार को बीजेपी बचाना चाहती है।
चरणदास महंत ने कहा – विरोध की आवाज को दबा रही सरकार
सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए मनरेगा, महंगाई और मजदूरों के अधिकारों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के हित में काम करती रही है और आगे भी करती रहेगी। “राजस्थान के लोगों ने कभी झुकना नहीं सीखा, वे सम्मान के लिए मर-मिटने को तैयार रहते हैं। हम भी गरीबों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे।” उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी और मनरेगा कानून को फिर से मजबूत किया जाएगा।
गरीबों के हक की हो रही अनदेखी
महंत ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबा रही है। हमें न सड़कों पर बोलने दिया जा रहा है और न ही विधानसभा में हमारी आवाज सुनी जाती है। पुलिस और सुरक्षा के नाम पर हमें रोका जाता है। महंत ने बड़े उद्योगपतियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “देश की खदानें गौतम अडानी और मुकेश अंबानी को दी जा रही है, जबकि गरीबों के हक की अनदेखी हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर ऐतिहासिक नामों और नीतियों में बदलाव का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सिर्फ नाम बदलने की बात नहीं है, बल्कि नीयत और नीतियां भी बदली जा रही है। पहले जो योजनाएं गरीबों को काम और अधिकार देती थीं, उन्हें कमजोर किया जा रहा है।
भारत की नीतियों में बदलाव से आम जनता प्रभावित
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए महंत ने कहा कि भारत की नीतियों में बदलाव से आम जनता पर असर पड़ रहा है। “पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर बोझ बढ़ता जा रहा है। महंत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हक के लिए संघर्ष करती रहेगी। हम गरीबों के बच्चों की शिक्षा, मजदूरों की सुरक्षा और किसानों के अधिकारों के लिए जीवनभर काम करेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ये घेराव मनरेगा, बढ़ी हुई बिजली बिल, बेरोजगारी, अफीम की खेती, कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों को लेकर है। 2028 में हमको अफीम वाली सरकार को उखाड़ फेकना है। 2847 पंचायतों में हमने आवाज उठाई है। मनरेगा देश की ऋण है। इस सरकार ने मनरेगा को समाप्त कर दिया है।
भाजपा सरकार ने किसानों को दिया धोखा : दीपक बैज
बैज ने कहा, छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों को लेकर हमें आगे जाना है। इस सरकार में बिजली बिल का रेट बढ़ गया है। हाफ बिजली बिल योजना को समाप्त कर दिया गया। छत्तीसगढ़ की जनता में हाहाकार मचा है। इस सरकार में युवाओं के लिए कोई नौकरी नहीं है। इस बार 10 लाख क्विंटल मीट्रिक धान कम खरीदा गया। इस सरकार ने किसानों को धोखा देने का काम किया है। कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए। उन्होने कहा, भाजपा के नेता पूरे प्रदेश में झूठ बोल रहे हैं। गैस सिलेंडर के लिए जनता सुबह से लाइन लगाए खड़ी है और हमारे PM ईरान से जहाज आने का वेट कर रहे हैं। अफीम की खेती इस सरकार में पहली बार हो रही है। बीजेपी अपने नेता को बचाने में लगी है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter