सरकारी कर्मचारियों के लिए सुनहरा मौका: DDA की कर्मयोगी आवास योजना में फ्लैट्स पर विशेष छूट का मौका

दिल्ली में लंबे समय से किफायती आवास की तलाश कर रहे सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने पहली बार विशेष तौर पर सरकारी सेवा में कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए ‘कर्मयोगी आवास योजना’ लॉन्च की है। इस योजना के तहत DDA ने कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नए साल का तोहफा देते हुए विशेष छूट की भी घोषणा की है।

‘कर्मयोगी आवास योजना’ केवल सरकारी सेवा से जुड़े लोगों के लिए है। इसके तहत आवेदन करने वाले कर्मचारी केंद्र और राज्य सरकार, पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग, सरकारी बैंक, लोकल बॉडीज, ऑटोनॉमस संस्थान, यूनिवर्सिटी और अन्य सरकारी संगठनों में कार्यरत हो सकते हैं। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पात्र आवेदकों को फ्लैट की कीमत पर 25% तक की सीधी छूट मिलेगी। यह छूट सीधे बिक्री मूल्य पर लागू होगी, जिससे मकान खरीदना पहले से कहीं अधिक किफायती हो जाएगा।

1, 2 और 3 BHK के 1168 नए फ्लैट्स शामिल
कर्मयोगी आवास योजना के तहत कुल 1,168 नए फ्लैट्स पेश किए गए हैं। इन फ्लैट्स में 1 BHK, 2 BHK और 3 BHK सभी कैटेगरी शामिल हैं, ताकि अलग-अलग जरूरत और बजट वाले सरकारी कर्मचारी इस योजना का लाभ उठा सकें।

नरेला में तैयार किए गए हैं सभी फ्लैट्स
कर्मयोगी आवास योजना के तहत सभी आवासीय फ्लैट्स नरेला इलाके में बनाए गए हैं। ये फ्लैट्स पॉकेट-9 के A1 से A4 सेक्टर में स्थित हैं, जहां बुनियादी सुविधाओं के साथ व्यवस्थित रेजिडेंशियल इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। सभी फ्लैट्स रेडी-टू-मूव हैं और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर खरीदारों के लिए उपलब्ध हैं। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक खरीदार DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Check Also

Ujjain News: सिंहस्थ से पहले फर्जी साधुओं पर सख्ती की तैयारी, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष बोले- कालनेमी अभियान चलाकर होगी जांच

Ujjain News: उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ से पहले साधु-संतों से जुड़े विवाद लगातार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *