Mohan Bhagwat Bilaspur Visit: बिलासपुर पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, छत्तीसगढ़ में संगठन के पुनर्गठन पर होगी बड़ी चर्चा?

Mohan Bhagwat Bilaspur Visit 2026: बिलासपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर बुधवार, 22 अक्टूबर को बिलासपुर पहुंचे हैं. अपने प्रवास के दौरान वे संघ के प्रबुद्ध कार्यकर्ताओं के बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे. इसके अलावा गुरुवार, 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन के कार्य विस्तार, सामाजिक गतिविधियों और भावी कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे.

डॉ. मोहन भागवत कोनी-बिरकोना मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार शाम को वे बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे. इसके बाद इसी परिसर में रात्रि विश्राम करेंगे. उनके प्रवास को लेकर संघ के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है.

संगठन के विस्तार पर होगा मंथन
संघ प्रमुख के प्रवास के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है. इसमें संगठन के कामकाज, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी. बैठक में संघ के अखिल भारतीय, क्षेत्रीय और प्रांतीय स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे. इसमें छत्तीसगढ़ प्रांत के संघचालक टोपलाल, प्रांत प्रचारक अभय, सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव और प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन सहित अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी.

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और कार्य विस्तार के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाने की संभावना है. संघ से जुड़े लोगों के अनुसार, बैठक में छत्तीसगढ़ में संगठन की मौजूदा संरचना में संभावित बदलाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है.

छत्तीसगढ़ को दो हिस्सों में बांटने की तैयारी की चर्चा
संघ की संगठनात्मक व्यवस्था में छत्तीसगढ़ प्रांत को दो हिस्सों में बांटने की संभावना को लेकर चर्चा चल रही है. बताया जा रहा है कि इसके तहत रायपुर और बिलासपुर केंद्रित अलग-अलग संगठनात्मक इकाइयां बनाई जा सकती हैं. हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, बिलासपुर इकाई में बिलासपुर, सरगुजा, रायगढ़, जशपुर, कोरिया और कोरबा क्षेत्र के विभागों को शामिल किए जाने की चर्चा है. वहीं, रायपुर इकाई में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, राजिम और बस्तर क्षेत्र से जुड़े विभागों को रखा जा सकता है. (Mohan Bhagwat Bilaspur Visit 2026)

वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रांत को 11 विभागों में विभाजित किए जाने की जानकारी है. संभावित पुनर्गठन के तहत छह विभाग रायपुर और पांच विभाग बिलासपुर इकाई के अंतर्गत आ सकते हैं. संगठनात्मक विकेंद्रीकरण के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में गतिविधियों के संचालन और कार्य विस्तार को गति देने का उद्देश्य बताया जा रहा है. हालांकि, प्रांत स्तर के पदों में बदलाव और नई जिम्मेदारियों के गठन को लेकर स्थिति आधिकारिक निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी.

बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी होंगे शामिल
बैठक में अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख दीपक, अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सुनील कुलकर्णी, अखिल भारतीय पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के सह संयोजक राकेश जैन, मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल, सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार, क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल, क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख नागेंद्र, क्षेत्र संघचालक डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना और ग्राम विकास गतिविधि के क्षेत्र संयोजक अनिल डागा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी है.

Check Also

CG-RERA Action: बिना रेरा रजिस्ट्रेशन बेच दिए प्लॉट, रायपुर के सालासार विहार प्रमोटर पर ₹25 लाख का जुर्माना

रायपुर: छत्तीसगढ़ में रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भूखंड एवं आवास खरीदारों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *