Breaking News

डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप को मारने की साजिश! ईरान किस बात का लेना चाह रहा था बदला

Ivanka Trump Assassination Plot: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इराकी नागरिक मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी पर आरोप है कि वह ईरान की सेना से जुड़े संगठन IRGC (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) और कटाइब हिज्बुल्लाह नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.

रिपोर्ट्स के अनुसार अल-सादी ने कथित तौर पर इवांका ट्रंप की हत्या की योजना बनाई थी. जांच एजेंसियों का दावा है कि यह साजिश 2020 में ईरानी कमांडर क़ासिम सुलेमानी की अमेरिकी ड्रोन हमले में हुई मौत का बदला लेने के लिए रची गई थी. उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति रहे डोनाल्‍ड ट्रंप ने इस ऑपरेशन को मंजूरी दी थी.

ऐसा पहली बार नहीं है जब ट्रंप या उनके परिवार को निशाना बनाने की कोशिश की गई हो, इससे पहले भी ट्रंप पर गोली चली थी. हालांकि गोलीबारी में वह बाल-बाल बचे थे. इसके अलावा ट्रंप ईरान के खिलाफ हमेशा से ही सख्त रुख अख्तियार किए हुए हैं. यही वजह है कि ईरान भी अमेरिका पर हमला करने की साजिश रचता रहता है.

कौन है इवांका ट्रंप?
इवांका ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी हैं. वह बिजनेसवुमन, मॉडल और ट्रंप प्रशासन में सलाहकार भी रह चुकी हैं. उनकी शादी कारोबारी जेरेड कुशनर से हुई है. अमेरिकी राजनीति और ट्रंप परिवार की वजह से उनकी हाई-प्रोफाइल सुरक्षा रहती है. वह अपने पिता के साथ-साथ भी समय-समय पर नजर आती रहती हैं.

जांच में क्या सामने आया और गिरफ्तारी कैसे हुई?
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि आरोपी अल-सादी के पास इवांका ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित घर का ब्लूप्रिंट तक मिला था. सोशल मीडिया पर उसने धमकी भरे पोस्ट भी किए थे. अमेरिकी एजेंसियों का आरोप है कि वह यूरोप और अमेरिका में यहूदी और अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की योजनाओं से भी जुड़ा हुआ था.

बताया जा रहा है कि मोहम्मद अल-सादी को 15 मई को तुर्की में पकड़ा गया और बाद में अमेरिका लाया गया है. फिलहाल उसे न्यूयॉर्क की जेल में रखा गया है. उस पर आतंकवाद, साजिश और हमलों की योजना बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

पूरा विवाद इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि यह मामला सीधे ट्रंप परिवार की सुरक्षा, अमेरिका-ईरान तनाव और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. हालांकि अभी तक अमेरिकी सरकार की ओर से आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है और जांच जारी है.

Check Also

डोनाल्ड ट्रंप को सता रहा मौत का डर? चीन दौरे से पहले लिखी चिट्ठी में क्‍या-क्‍या राज

Donald Trump secret letter: अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप इस समय चीन दौरे पर हैं. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *