Breaking News

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आगजनी; ढाका में बम धमाकों से मचा हड़कंप

बांग्लादेश में शेख हसीना की दिसंबर में स्वदेश वापसी की घोषणा और अवामी लीग के लॉकडाउन आह्वान के बाद भड़की हिंसा में मोहम्मद यूनुस के चटगांव आवास और ग्रामीण बैंक की शाखाओं को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि ढाका में तड़के बम धमाके हुए। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग को फासीवादी ताकत बताते हुए कड़ा रुख अपनाया है और पुलिस ने 565 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।

यूनुस के घर, ग्रामीण बैंक और राजनीतिक दफ्तरों को बनाया गया निशाना
चटगांव के पंचलाइश इलाके में अज्ञात लोगों ने मोहम्मद यूनुस के पिता द्वारा बनवाए गए पुश्तैनी घर में आग लगा दी। इससे पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके द्वारा स्थापित ‘ग्रामीण बैंक’ की कई शाखाओं को भी जला दिया गया था। हिंसा की यह आग दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमों तक पहुंच गई है- जहां ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमले व आगजनी की खबरें हैं, वहीं सत्तारूढ़ बीएनपी (BNP) के कम से कम दो कार्यालयों और एक नेता के घर को भी आग के हवाले कर दिया गया।

पिछले दो दिनों के भीतर अवामी लीग के कम से कम दो पार्टी कार्यालयों और उसके नेताओं की पांच संपत्तियों को निशाना बनाया गया है, जिससे देश के 64 में से 28 जिलों में तनाव फैल गया है।

​शेख हसीना की वापसी के ऐलान और मौत की सजा की बरसी से भड़का तनाव
इस ताजा हिंसा के पीछे अवामी लीग का गुरुवार को बुलाया गया देशव्यापी लॉकडाउन है, जो पिछले साल विशेष न्यायाधिकरण के उस फैसले की बरसी के आसपास रखा गया है जिसमें 79 वर्षीय शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई थी।

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सरकार गिरने पर हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं और वर्तमान सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हाल ही में हसीना द्वारा दिसंबर में हर हाल में देश लौटने की घोषणा किए जाने के बाद उनके समर्थकों की गतिविधियां तेज हो गईं और टकराव बढ़ गया।

इसके अलावा, 5 अगस्त 2024 के बाद यूनुस की अंतरिम सरकार द्वारा अवामी लीग को भंग करने, हजारों कार्यकर्ताओं को जेल भेजने और शेख मुजीबुर रहमान के धनमंडी स्थित आवास को ध्वस्त किए जाने की पुरानी रंजिश ने भी हिंसा को नया मोड़ दे दिया है।

​सरकार का सख्त एक्शन: पूर्व मंत्री समेत 565 गिरफ्तार, PM तारिक रहमान की अपील
हालात को नियंत्रित करने के लिए सरकार और पुलिस ने बड़े पैमाने पर सुरक्षा कदम उठाए हैं। ढाका के प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त पुलिसबल तैनात कर शहर के प्रवेश और निकास रास्तों पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। ढाका में 24 घंटे के अभियान के दौरान 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं।

इसके साथ ही संवेदनशील जिलों, खासकर गोपालगंज में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवान तैनात किए गए हैं। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने चेतावनी दी है कि ऑडियो-वीडियो सबूतों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और फासीवादी ताकत बताते हुए उसके दोबारा उभरने का विरोध किया है तथा लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने व बीएनपी सांसदों से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने की अपील की है।

Check Also

America Tech Outage: अमेरिका में फिर ठप हुई तकनीकी व्यवस्था, बड़े बैंकों के ट्रांजैक्शन अटके और विमान गेट पर रुके

अमेरिका में शुक्रवार को हुए हवाई यातायात संकट के बाद सोमवार को जेपी मॉर्गन चेज, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *