Pune News: जमीन बेचने पर भड़के बेटे, सड़क पर बुजुर्ग मां-बाप की डंडों से पिटाई; पिता ने दर्ज कराई FIR

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीन बेचने के विवाद में कथित तौर पर दो बेटों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ सड़क पर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने बुजुर्ग पिता की शिकायत पर दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन बेचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अगस्त की शाम इंदापुर के तरंगवाड़ी इलाके की है। 65 वर्षीय तुकाराम किसन राउत अपनी बीमार पत्नी अंजना के साथ बाहर निकले थे। इसी दौरान उनके दोनों बेटे संजय और राजेंद्र वहां पहुंचे।

आरोप है कि दोनों बेटों ने मां के नाम दर्ज जमीन बेचने को लेकर माता-पिता से सवाल किया। जमीन बेचने को लेकर नाराजगी इतनी बढ़ गई कि बातचीत देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

सड़क पर गिराकर डंडों से पीटने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, दोनों बेटों ने पहले माता-पिता के साथ गाली-गलौज की और फिर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति को सड़क पर गिराकर पीटे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया।

मारपीट में तुकाराम के चेहरे, पीठ, कंधे और जांघ पर चोटें आईं। वहीं उनकी पत्नी अंजना के हाथ और कमर में भी चोट लगने की बात सामने आई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पिता ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद तुकाराम राउत इंदापुर पुलिस थाने पहुंचे और अपने दोनों बेटों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो समेत घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा आक्रोश
बुजुर्ग दंपती के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। जमीन को लेकर हुआ यह विवाद अब पारिवारिक रिश्तों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

CG News: जेल में बंदियों ने बनाई 500 गणेश प्रतिमाएं, विसर्जन के बाद उगेंगे पौधे; आस्था के साथ पर्यावरण का संदेश

रायपुर। गणेशोत्सव से पहले केंद्रीय जेल रायपुर के बंदियों ने एक ऐसी पहल की है, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *