जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा में चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाना दो युवकों को भारी पड़ गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नकली पिस्टल, तलवार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया है।
मामला जांजगीर शहर के शारदा चौक के पास मेन रोड का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर नकली पिस्टल और तलवार बाहर निकालकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के भदौरा निवासी 22 वर्षीय सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू और भनेसर निवासी 21 वर्षीय निखिल बाधड़े के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक नकली पिस्टल और एक तलवार बरामद की। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter