UP Politics: 2027 में BJP की वापसी हुई तो यूपी में लागू होगा UCC, अमित शाह ने कार्यकर्ताओं के सामने किया बड़ा ऐलान

लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में शाह ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला और स्पष्ट किया कि भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

तीसरी बार सरकार बनते ही लागू होगा यूसीसी
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार ‘अंगद का पैर’ है, जिसे कोई भी ताकत हटा नहीं सकती। उन्होंने स्पष्ट घोषणा की कि 2027 में जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार सत्ता में वापसी करते ही उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

30 अक्तूबर 1990 की गोलीबारी का किया जिक्र
गृहमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए 30 अक्तूबर के इतिहास की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 1990 में अयोध्या में निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। शाह ने कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाने वाले किस मुंह से सरकार बनाने का दावा करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने गोलियां चलवाई थीं और भाजपा ने भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया, जिसे देश की जनता कभी नहीं भूलेगी।

वोट चोरी के आरोपों पर संसद में बहस की चुनौती
सपा और कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर गृहमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष मैच हारने के बाद अंपायर पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। उन्होंने विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कराने के लिए तैयार है। विपक्ष संसद में आकर बात करे, सरकार उनके हर सवाल का बिंदुवार जवाब देने के लिए पूरी तरह सक्षम है।

माफिया मुक्त उत्तर प्रदेश के लिए सीएम योगी की सराहना
गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कठोर और पारदर्शी शासन से उत्तर प्रदेश माफियाओं के चंगुल से पूरी तरह मुक्त हुआ है। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 से पहले यूपी में भाजपा बेहद कमजोर स्थिति में थी, लेकिन मजबूत संगठन और जनता के विश्वास के दम पर पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में भी पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल करेगी।

Check Also

Uttarakhand Helicopter Crash: जोशीमठ-बद्रीनाथ के बीच हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच हेलिकॉप्टर क्रैश होने की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *