Meerut School Bus Accident: खाई में पलटी स्कूली बच्चों से भरी बस, एक दर्जन से ज्यादा छात्र घायल; चालक पर गंभीर आरोप

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ अंतर्गत रोहटा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमानुल्लाहपुर गांव के पास स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं के घायल होने की सूचना है। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़े और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

ढडरा गांव से बच्चों को लेकर लौट रही थी बस
​जानी थाना क्षेत्र के भोला झाल में स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल संचालित है। बुधवार सुबह सतवाई निवासी चालक मोमिन बस लेकर रोहटा क्षेत्र के ढडरा समेत आसपास के गांवों से बच्चों को लेने निकला था। बस में दर्जनभर से अधिक छात्र सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमानुल्लाहपुर गांव के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से बस खाई में जा गिरी। हादसे में कक्षा तीन के 9 वर्षीय छात्र अर्पित और 12 वर्षीय अनाया सहित कई बच्चे चोटिल हो गए।

​ग्रामीणों ने बचाई जान, चालक पर शराब पीने का आरोप
​घटना की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और खिड़कियों के शीशे तोड़कर घायल बच्चों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था और दुर्घटना होते ही वह बच्चों को लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में गहरा रोष फैल गया।

​स्कूल में परिजनों का हंगामा, प्रबंधन की सफाई
​हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में स्कूल परिसर पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रबंधन और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्कूल पहुंचे मीडियाकर्मियों के कैमरे चलने पर उनके साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगा। उधर, स्कूल संचालक अजय गुप्ता ने चालक के नशे में होने के आरोपों को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि केवल दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और स्कूल प्रबंधन घायलों के संपूर्ण उपचार का खर्च वहन कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Check Also

Bhopal Crime News: 5 नाबालिगों से दुष्कर्म मामले में प्यारे मियां को 10 बार उम्रकैद, सहयोगी राबिया को 20 साल की सजा

Bhopal Crime News: भोपाल की विशेष पॉक्सो अदालत ने नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के मामले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *