लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के 2026-27 के बजट को योगी आदित्यनाथ सरकार का “विदाई बजट” करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी।
बजट पेश होने के तुरंत बाद लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार 9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट को उपलब्धि बता रही है, जबकि आम तौर पर हर साल बजट का आकार बढ़ता है। असली सवाल यह है कि उसमें से कितना पैसा वास्तव में खर्च होता है।
“50 फीसदी बजट भी खर्च नहीं कर पाई सरकार”
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार अपने आवंटित बजट का औसतन 50 प्रतिशत भी खर्च नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा, “अगर बजट इतना बड़ा है तो उसे खर्च क्यों नहीं किया जा रहा? यह सरकार की नाकामी है।”
विभागवार आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि-
- कृषि क्षेत्र में केवल 57% खर्च
- ग्रामीण विकास में 36%
- पशुपालन में लगभग 60%
- स्वास्थ्य विभाग में 58%
- महिला कल्याण में 53% खर्च हुआ
उन्होंने कहा कि जरूरी क्षेत्रों में धन का पूरा उपयोग न होना प्रशासनिक अक्षमता को दर्शाता है।
चुनाव से पहले आखिरी पूर्ण बजट
बुधवार को पेश किया गया यह बजट 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार का आखिरी पूर्ण (फुल-फ्लेज्ड) बजट माना जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि जब बड़ा बजट पेश कर उसका आधा भी खर्च नहीं किया जाता, तो यह सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
कानून-व्यवस्था पर भी हमला
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “यूपी में विधायक मंत्री का अपहरण कर रहा है। शायद देश में पहली बार ऐसा हुआ है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यूपी में अब बच्चे चोर-पुलिस का खेल नहीं खेलते, क्योंकि यहां दोनों एक हो गए हैं। जेब गरम तो पुलिस नरम। अगर FIR दर्ज नहीं होगी तो अपराध दिखेगा कैसे?”
फ्री ट्रेड और किसानों पर असर का मुद्दा
अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ संभावित फ्री ट्रेड डील का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर गांव और किसानों पर पड़ेगा। उन्होंने सवाल उठाया, “जब सब कुछ विदेशी हो जाएगा तो किसान क्या उगाएगा और क्या कमाएगा?”
उन्होंने कहा कि भारत को यह तय करना होगा कि वह किस दिशा में आगे बढ़ना चाहता है। अमेरिका से संबंध मजबूत हों, लेकिन देश का बाजार पूरी तरह विदेशी कंपनियों के हवाले न हो।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया
हाई कोर्ट में इन्वेस्ट यूपी से जुड़े निकांत जैन के खिलाफ दर्ज एफआईआर के क्वैश होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह न्यायालय पर टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि “इस सरकार में जितना भ्रष्टाचार हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ।”
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter