Breaking News

रणदीप सिंह सुरजेवाला का BJP पर हमला: “हरियाणा में मेडिकल नशा खुलेआम बिक रहा”

चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में बढ़ते नशे के मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ‘नशे का जहर’ तेजी से फैल रहा है और सरकार इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में ड्रग्स के मामलों में 81 फीसदी तक वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार गायब है। उनके मुताबिक ड्रग माफियाओं ने पूरे राज्य में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।

“दवा की दुकानों से बिक रहा मेडिकल नशा”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि प्रदेश में दवा की दुकानों से खुलेआम “मेडिकल नशा” बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 40 रुपये MRP वाला इंजेक्शन 1000 रुपये में बेचा जा रहा है, जबकि 10 ML का डोज सेट 100 रुपये में मिल रहा है।

उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि कई युवा नशे की लत में खतरनाक तरीके अपना रहे हैं। उनका आरोप है कि मेडिकल नशा सप्लायरों की जानकारी होने के बावजूद पुलिस प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा।

“कब होगी सफेदपोश आकाओं पर कार्रवाई?”
सुरजेवाला ने कहा कि सरकार के नशा रोकने के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर नशा माफियाओं और उनके कथित राजनीतिक संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई कब होगी?

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि नशे की वजह से कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं और हर घर में चिंता और बेबसी का माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं। फिलहाल, इस मुद्दे पर बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Check Also

देवघर पहुंची गुजरात पुलिस की टीम, BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी मामले में युवक हिरासत में

देवघर। BRICS सम्मेलन और गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *