LPG Crisis: मध्य प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच अब कुछ राहत के संकेत मिल रहे हैं. रविवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई शहरों में सिलेंडर को लेकर पहले जैसी अफरा-तफरी नहीं दिखी. हालांकि भोपाल में स्टॉक खत्म होने के कारण कुछ गैस एजेंसियां बंद रहीं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध भी जताया. इस बीच ऑयल कंपनियों ने सिलेंडर की सप्लाई दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है.
भोपाल में आज से कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई
भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक पिछले छह दिनों से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित थी. अब भौंरी स्थित डिपो से सिलेंडरों से भरे ट्रकों की लोडिंग शुरू हो गई है और सोमवार से शहर में नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि रविवार को करीब आधा दर्जन गैस एजेंसियों के बंद होने की सूचना मिली थी. जांच में सामने आया कि ये एजेंसियां स्टॉक खत्म होने के कारण बंद थीं, क्योंकि रविवार को डिपो से सिलेंडर लोडिंग नहीं होती.
एक दिन में 11 हजार घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी
फूड कंट्रोलर जादौन ने बताया कि शनिवार को भोपाल जिले में करीब 14 हजार घरेलू गैस सिलेंडर बुक किए गए थे. इनमें से लगभग 11 हजार सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचा दिए गए. रविवार को जिन एजेंसियों के पास सिलेंडर उपलब्ध थे, वहां से सप्लाई जारी रखी गई और कई घरों में डिलीवरी भी की गई.
होटल उद्योग को राहत की उम्मीद
एमपी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने कहा कि पिछले छह से सात दिनों से प्रदेश के होटल और रेस्टोरेंट को एक भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था. गैस की कमी के कारण लगभग 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि अब सप्लाई शुरू होने की खबर होटल उद्योग के लिए ऑक्सीजन मिलने जैसी है.
वैकल्पिक साधनों का सहारा
भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के मुताबिक गैस की कमी के चलते कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने इंडक्शन, इलेक्ट्रिक ग्रिडल, फ्रायर और इलेक्ट्रिक कुकर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल शुरू कर दिया था. हालांकि यह व्यवस्था काफी महंगी साबित हो रही थी, इसलिए कई जगहों पर मेन्यू में भी बदलाव करना पड़ा.
रेहड़ियों और छोटे कारोबार पर असर
गैस की कमी का असर छोटे कारोबारियों पर भी पड़ा. भोपाल के 6 नंबर मार्केट, शाहपुरा और न्यू मार्केट इलाके में 30 से अधिक रेहड़ियां सिलेंडर नहीं मिलने के कारण बंद हो गई थीं. उम्मीद है कि सप्लाई सामान्य होने के बाद इन कारोबारियों को भी राहत मिलेगी.
घरेलू सिलेंडर को लेकर अब भी परेशानी
कमर्शियल गैस सिलेंडर की स्थिति में सुधार के संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन घरेलू गैस को लेकर कई जगहों पर अब भी परेशानी बनी हुई है. लोगों को सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. भोपाल के जहांगीराबाद और बोगदा पुल इलाके में रहने वाली शीबा खान ने बताया कि उन्हें 13 मार्च को डिलीवरी का मैसेज मिला था, लेकिन अब तक सिलेंडर घर नहीं पहुंचा.
कुछ जिलों में प्रशासन सक्रिय
ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान ने दावा किया है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और अफवाहों को रोकने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. वहीं उज्जैन में रविवार की छुट्टी के बावजूद महाकाल गैस एजेंसी खोलकर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए गए. दूसरी ओर पुरानी इटारसी में युवा कांग्रेस ने गैस संकट और महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए नाले में पाइप डालकर चूल्हा जलाया और सरकार पर निशाना साधा.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter