CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ऑनलाइन बेटिंग में पैसे हारने के बाद पढ़ाई छोड़ कर भागने वाला बिहार गया का छात्र 52 दिन बाद नागपुर में मिला. वह एक सिक्योरिटी एजेंसी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था. फर्जी आईडी बनाकर ऑनलाइन गेम भी खेल रहा था, जिसकी मदद से कोटा पुलिस वहां पहुंची.
ऑनलाइन बेटिंग में हारे पैसे तो भागा छात्र
जानकारी के मुताबिक, बिहार के गया जिला निवासी रोहित कुमार सीवी रमन यूनिवर्सिटी में बी फार्मा का छात्र था. यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहता था. 6 मार्च को वह अचानक गायब हो गया. 7 मार्च को हॉस्टल वार्डन राजा मिश्रा ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.
पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में की तलाश
कोटा पुलिस ने दोस्तों से पूछताछ कर कमरे की तलाशी ली तो ऑनलाइन सट्टा खेलने, रुपए उधार लेने की जानकारी मिली. पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली। छत्तीसगढ़ के सभी थानों के अलावा टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन समेत कई जगहों पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
52 दिन बाद नागपुर में मिला
वहीं साइबर सेल की मदद से रोहित का लोकेशन नागपुर महाराष्ट्र मिला. इसके बाद कोटा पुलिस ने 26 अप्रैल को नागपुर में सुरक्षित बरामद किया. रोहित पूरी प्लानिंग के साथ हॉस्टल से भागा था. नागपुर जाने के बाद उसने नया सिम कार्ड खरीदा. अनिल भगत नामक व्यक्ति के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, जीमेल एकाउंट बनाया.
लाखों की लेन-देन का मामला भी आया सामने
इसके बाद विन बस गेम में ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था. पुलिस ने इसकी मदद से उसे ट्रैक किया, जिस व्यक्ति से छात्र नए नंबर से बात करता उसकी मदद से छात्र तक पुलिस पहुंची. हॉस्टल रूम की तलाशी लेने पर पुलिस को एक रजिस्टर मिला, जिसमें 40 लाख रुपए का हिसाब मिला था. उसके एकाउंट की जांच में 7 लाख रुपए से ज्यादा का ट्रांजक्शन पुलिस को मिला था.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter