‘अच्छा है कि मेरे से ही जुड़ो…’,पीएम मोदी ने दिया CM रेवंत रेड्डी को साथ आने का ऑफर, क्‍या मिला जवाब

PM Modi Cm Revanth Reddy Offer: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तीन राज्यों के दौरे पर थे. इसी दौरान वे तेलंगाना भी पहुंचे.यहां उन्‍होंने एक कार्यक्रम को संबोधित किया, जिसमें तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री रेवंत रेड्डी भी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान दिलचस्प राजनीतिक बातचीत देखने को मिली. मंच पर विकास परियोजनाओं की चर्चा के बीच पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में रेवंत रेड्डी को अपने साथ आने का ऑफर दे दिया, जिस पर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे.

हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में रेवंत रेड्डी ने केंद्र से तेलंगाना को विशेष सहयोग देने की मांग की. उन्होंने कहा कि जैसे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में गुजरात को समर्थन मिला था, उसी तरह अब तेलंगाना को भी मदद मिलनी चाहिए ताकि राज्य तेजी से आगे बढ़ सके.

किस बात को लेकर पीएम ने कहा कि साथ आ जाइये
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने रेवंत रेड्डी की इस बात का जवाब मजाकिया लेकिन राजनीतिक अंदाज में दिया. उन्होंने कहा कि गुजरात को पिछले सालों में जो सहयोग मिला, वैसा सहयोग तेलंगाना को भी दिया जाएगा. इसके बाद मुस्कुराते हुए पीएम मोदी ने कहा, “अच्छा है कि आप मेरे से ही जुड़ जाइए” पीएम के इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर तालियां और ठहाके गूंजने लगे. पीएम का मतलब यह था कि आप भी एनडीए की सरकार में शामिल हो जाइये.

सीएम रेवंत रेड्डी ने क्या दिया जवाब
रेवंत रेड्डी ने भी इस मौके पर बैलेंस साधते हुए जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता “इंडिया फर्स्ट” है और राज्य के विकास के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करना जरूरी है. हालांकि उन्होंने राजनीतिक दूरी बनाए रखते हुए साफ किया कि उनका मकसद सिर्फ तेलंगाना के हित में परियोजनाओं को मंजूरी दिलाना है. मतलब यह कि उन्‍होंने सीधे तौर पर एनडीए के साथ जाने को मना कर दिया.

कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने विकास, निवेश और बुनियादी ढांचे पर जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि राज्यों का विकास ही विकसित भारत का आधार बनेगा, जबकि रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना को आने वाले वर्षों में एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य दोहराया.

अब पीएम मोदी के इस ऑफर के कई मायने निकाले जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि पीएम मोदी अन्‍य राज्‍यों की तरह ही तेलंगाना भी सरकार बदलने की कोशिश में हैं. जबकि कई लोग इसे केवल मजाकिया अंदाज बता रहे हैं.

Check Also

झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 500 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

बिहार के समस्तीपुर जिले में मध्य निषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *