Rajya Sabha Election: उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की एक-एक राज्यसभा सीट पर चुनाव होने वाले हैं. इसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. बंगाल से कोयल मल्लिक और उत्तराखंड से दिनेश आर्य को मौका दिया गया है. कोयल मल्लिक ने विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद टीएमसी और राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दिया था. अब बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है.
देशभर की 12 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं. इनमें उत्तर प्रदेश की 10, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल हैं. इसके लिए 16 अक्टूबर को वोटिंग और काउंटिंग कराई जाएगी.
उत्तराखंड में जमकर चला मंथन
राज्यसभा की इस सीट पर बीजेपी की जीत संख्या बल के लिहाज से मजबूत मानी जा रही है. यही वजह है कि पार्टी के भीतर टिकट के लिए कई दावेदार थे. प्रत्याशी के नाम के ऐलान से पहले ही ऐसा माना जा रहा था कि बीजेपी यहां एक बार फिर चौंकाएगी. हुआ भी ठीक वैसा ही. भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार बनाया है.
उत्तराखंड में बीजेपी के पास विधानसभा में संख्या बल मजबूत है. यही वजह है कि राज्यसभा सीट के चुनाव में पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती चुनाव जीतना नहीं, बल्कि ऐसा चेहरा चुनना है, जिससे चुनावी साल में व्यापक राजनीतिक संदेश जाए. कुल मिलाकर ऐसा चेहरा चाहिए था जो सभी की पसंद के साथ-साथ सभी समीकरणों में भी फिट बैठे.

जुलाई में दिया था कोयल ने इस्तीफा
कोयल मल्लिक 16 मार्च 2026 को हुए चुनाव में पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद बनी थी. 6 अप्रैल 2026 को राज्यसभा सदस्य के रूप में उन्होंने शपथ ली थी. हालांकि विधानसभा चुनाव में टीएमसी की करारी हार के बाद उन्होंने ममता और उनकी पार्टी दोनों को ही छोड़ दिया था.
कोयल मल्लिक से पहले सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बारिक ने भी टीएमसी के साथ राज्यसभा से इस्तीफा दिया था. ठीक उन्हीं की तरह कोयल ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया था. जिन्होंने पहले इस्तीफा दिया था वे बीजेपी की तरफ से दोबारा राज्यसभा पहुंच चुके हैं. अब कोयल की बारी है. कोयल टॉलीवुड की चर्चित एक्ट्रेस के तौर पर जानी जाती हैं.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter