Immigration Enforcement: अमेरिका की तरफ से समय-समय पर अवैध प्रवासियों के खिलाफ एक्शन लिया जाता रहा है. कई बार अमेरिका ने वहां रह रहे अवैध प्रवासियों को हिरासत में लेकर उन देशों में डिपोर्ट भी किया है, जहां के वे लोग रहने वाले थे. अब एक बार फिर अमेरिका की तरफ से इस तरह का कदम उठाया गया है. इसी कड़ी में करीब 30 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जो अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रहकर कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे.
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को ऑपरेशन चेकमेट के तहत पकड़ा गया है. अब इनके खिलाफ निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. मतलब साफ है कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनका डिपोर्ट होना तय है.
गिरफ्तार लोगों में आधे से ज्यादा भारतीय
अमेरिकी सीमा सुरक्षा एजेंसी के अनुसार एरिजोना के युमा सेक्टर में मई के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में कुल 52 अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया गया. इनमें 36 लोग ट्रक चलाते पाए गए, जिनमें 30 भारतीय थे. अधिकारियों का कहना है कि कई लोगों के पास पुराने या अमान्य वर्क परमिट थे, जबकि कुछ के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था.
अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि ऐसे ड्राइवर सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं. इसी वजह से ट्रकिंग सेक्टर में अवैध रूप से काम कर रहे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है.
पहले भी हो चुकी हैं इस तरह की कार्रवाई
यह पहली बार नहीं है जब भारतीय ट्रक ड्राइवरों पर अमेरिका में इस तरह की कार्रवाई हुई हो. मार्च 2026 में भी एरिजोना में 11 भारतीय ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया था. जांच में पता चला था कि वे भी अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे. विभिन्न राज्यों के कमर्शियल लाइसेंस का इस्तेमाल कर रहे थे.
इसके अलावा दिसंबर 2025 में कैलिफोर्निया और अन्य इलाकों में चलाए गए एक बड़े अभियान के दौरान भी 30 भारतीय नागरिकों को ट्रक चलाते हुए पकड़ा गया था. उस समय अमेरिकी एजेंसियों ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ट्रकिंग कंपनियों की भी जांच की थी.
ट्रंप के कार्यकाल में बढ़ गई सख्ती
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के दौरान अवैध आव्रजन पर सख्ती लगातार बढ़ी है. हाल के महीनों में ट्रकिंग उद्योग में काम कर रहे विदेशी नागरिकों की जांच तेज की गई है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गिरफ्तारी तथा डिपोर्टेशन की कार्रवाई की जा रही है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter