PM Modi Friend MLA Land Dispute: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन के दोस्त असगर अली वोरा की जमीन का मामला अब सुलझता नजर आ रहा है. 81 साल के असगर अली वोरा ने आरोप लगाया था कि उनकी भायंदर ईस्ट स्थित जमीन पर बीजेपी विधायक ने कब्जा कर लिया गया. इस मामले को लेकर उन्होंने 8 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर अपनी शिकायत बताई थी. पीएम मोदी से मुलाकात के बाद अब बीजेपी विधायक ने जमीन छोड़ने की बात कही है.
पूरा मामला महाराष्ट्र के भायंदर ईस्ट के नवघर इलाके की करीब 2,810 वर्ग मीटर जमीन से जुड़ा है. असगर अली वोरा का कहना है कि उन्होंने यह जमीन 1989 में खरीदी थी. उनके मुताबिक, 2011 में दो बिल्डरों से जुड़े लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया. कथित तौर पर दस्तावेजों में गड़बड़ी करके जमीन पर अपना दावा पेश किया.
वोरा के आरोपों में बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता से जुड़ी सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन्स कंपनी का नाम भी आया था. वोरा का कहना था कि उन्होंने इस मामले को लेकर लंबे समय तक स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सामने शिकायतें कीं. लेकिन, विवाद का समाधान नहीं हुआ. इस मामले में 2015 में FIR भी दर्ज हुई थी.
पीएम मोदी से मुलाकात कर बताई परेशानी
शिकायत करने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला तो बोरा ने प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का फैसला किया. दोनों गुजरात के वडनगर स्थित बीएन स्कूल में साथ पढ़ चुके हैं. 8 सितंबर को हुई मुलाकात में वोरा ने पीएम के सामने अपनी पूरी समस्या रखी. मामले की CBI जांच की मांग भी की. वोरा के मुताबिक, प्रधानमंत्री की तरफ से मामले को देखने का भरोसा मिला.
अब सुलझ गया पूरा मामला?
पीएम से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र प्रशासन में भी मामले को लेकर बैठक हुई. इसमें असगर अली वोरा, नरेंद्र मेहता, मीरा-भायंदर नगर निगम के अधिकारी और टाउन प्लानिंग से जुड़े अधिकारी शामिल हुए. अब सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन्स ने विवादित जमीन से कब्जा छोड़ने और जमीन से जुड़ी निर्माण अनुमति वापस करने का फैसला किया है. कंपनी की ओर से वोरा के खिलाफ दर्ज शिकायत वापस लेने की बात भी सामने आई है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter