लखनऊ. रक्षाबंधन के दिन यातायात ड्यूटी पर तैनात आरक्षी नवीन चौधरी ने महिला से चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया. मड़ियांव ढाल पर दोपहर करीब 12:30 बजे हुई इस घटना में आरोपी ने सिपाही पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक में चोट लगी और रक्तस्राव होने लगा.
आरोपी का किया पीछा
मामला मड़ियांव थाने का है. यातायात ड्यूटी के दौरान नवीन चौधरी ने महिला से चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी को देखा और तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया. अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया. इस दौरान आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए सिपाही के चेहरे पर पत्थर से प्रहार किया.
चोट के बाद भी नहीं छोड़ा
हमले में नवीन चौधरी की नाक पर गंभीर चोट लगी और खून निकलने लगा. इसके बावजूद उन्होंने आरोपी को नहीं छोड़ा और उसे नियंत्रित रखते हुए संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया. इस कार्रवाई के दौरान महिला की चेन भी वापस कराई गई. घटना के बाद घायल आरक्षी को उपचार के लिए हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी नाक पर दो टांके लगाए गए.
मिलेगा नकद पुरस्कार
वर्तमान में नवीन चौधरी की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है. वरिष्ठ अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं. आरक्षी की कर्तव्यपरायणता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने उन्हें 10,000 रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की है. उनके सराहनीय और साहसिक कृत्य को देखते हुए कमेंडेशन डिस्क दिए जाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter