कांकेर का गांधी उद्यान बदहाल, सेनानी स्तंभ के आसपास ठेले और अवैध पार्किंग का कब्जा

कांकेर। शहर के बीचों-बीच स्थित गांधी उद्यान कभी शहर की पहचान हुआ करता था, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के बाद यह ऐतिहासिक स्थल बदहाली का शिकार हो गया है। यहां अशोक चक्र और स्वतंत्रता सेनानियों की याद में सेनानी स्तंभ स्थापित है, लेकिन आज इस स्मारक की स्थिति देखकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सेनानी स्तंभ के आसपास लोग चाट-गुपचुप की दुकानें लगा रहे हैं, छोटी-बड़ी गाड़ियां पार्क हो रही हैं और आवारा कुत्ते व मवेशी तक यहां बैठे नजर आते हैं।

फुटपाथ पर सामान बेचने वाले लोग स्मारक के आसपास अपना सामान रखकर दुकान संचालित कर रहे हैं। यही नहीं, पूरे परिसर में गंदगी भी पसरी हुई है। सड़क निर्माण के दौरान गांधी उद्यान की बाउंड्री तोड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया था। उस समय इसे व्यवस्थित और सुंदर बनाने की बात कही गई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन और जनप्रतिनिधि स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को भूल गए हैं?

लोगों ने कहा – सालभर स्मारक का सम्मान और रखरखाव हो
स्थानीय लोगों का कहना है कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की याद में बने इस स्मारक को संरक्षित किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान और संघर्ष की जानकारी मिल सके। स्थानीय निवासी अजय भासवानी ने बताया कि गांधी उद्यान और सेनानी स्मारक की हालत सड़क चौड़ीकरण के बाद लगातार खराब हुई है। उन्होंने यहां अव्यवस्था के साथ शराबखोरी और ठेले लगने की बात भी कही। उनका कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इस ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण और बेहतर रखरखाव पर ध्यान देना चाहिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर्फ 15 अगस्त और 26 जनवरी को रोशनी करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि पूरे साल स्मारक का सम्मान और रखरखाव होना चाहिए।

सौंदर्यीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है : पालिका अध्यक्ष
इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने कहा कि गांधी उद्यान शहर की धरोहर है। सड़क निर्माण के दौरान इसकी बाउंड्री तोड़ी गई थी। इसके सौंदर्यीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। राशि मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्मारक परिसर के आसपास अवैध पार्किंग और ठेले लगाए जा रहे हैं तो उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

Raipur News: बदलेगा Raipur Railway Station का ट्रैफिक रूट, शाम तक आ सकता है बड़ा फैसला

रायपुर: रायपुर रेलवे स्टेशन की यातायात व्यवस्था में एक बार फिर बदलाव किया जा रहा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *