करनाल: जिले के मोहिदीनपुर गांव में बंद पड़ी हेचरी के अंदर अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रेड कर मौके से बड़ी मात्रा में तैयार पटाखों के साथ 2 क्विंटल 40 किलो गंधक और 47 किलो पोटाश बरामद किया है। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री संचालक के पास पटाखे बनाने का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था।
बंद हेचरी में चल रहा था पटाखे बनाने का काम
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहिदीनपुर गांव में बंद पड़ी हेचरी की जगह का इस्तेमाल पटाखे बनाने के लिए किया जा रहा था। यहां बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे मिले। कुछ पटाखे तैयार होने के बाद भी डिब्बों में पैक नहीं किए गए थे।
पुलिस के अनुसार फैक्ट्री कैराना गांव निवासी साहिल द्वारा चलाई जा रही थी। उसके पास पटाखे बनाने या फैक्ट्री संचालित करने से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला।
रेड में भारी मात्रा में गंधक-पोटाश बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक कट्टा बरामद हुआ, जिसमें करीब 47 किलो पोटाश भरा हुआ था। इसके अलावा मौके से 2 क्विंटल 40 किलो गंधक भी बरामद की गई। पुलिस ने तैयार पटाखों और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों समेत करीब दर्जनभर लोग कर रहे थे काम
एसआई हरदीप ने बताया कि फैक्ट्री बिना किसी परमिट के संचालित की जा रही थी। यहां काम करने वालों में बच्चों के शामिल होने की बात भी सामने आई है। मौके पर करीब दर्जनभर लोग लेबर के तौर पर काम करते मिले। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चलाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद पटाखों और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter