Karwa Chauth Murder Case: करवाचौथ का व्रत रखने की जिद पर विवाद! यमुनानगर में विवाहिता की मौत, पति-सास और ननद पर केस

हरियाणा के यमुनानगर में करवाचौथ का त्योहार मनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर में बेड पर पड़ा मिला। मायके पक्ष ने पति, सास और ननद पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला करवाचौथ का व्रत रखना चाहती थी, लेकिन ससुराल वाले इसका विरोध करते थे।

मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है। उसके मौसेरे भाई गौरव के अनुसार, शिवानी ने करवाचौथ के लिए हाथों पर मेहंदी लगवाई थी। इस बात को लेकर पति प्रिंस ने उससे कहा कि उनके घर में करवाचौथ नहीं मनाया जाता। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवानी के साथ मारपीट भी की गई थी।

रात 12 बजे पति ने फोन कर दी मौत की सूचना
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 12 बजे पति प्रिंस ने शिवानी की मां सुमन को फोन किया। उसने बताया कि शिवानी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग घर पहुंचे तो शिवानी का शव बेड पर पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी।

भाई का आरोप- हत्या कर आत्महत्या दिखाने की कोशिश
शिवानी के मौसेरे भाई गौरव ने आरोप लगाया कि प्रिंस, उसकी बहन और ननदोई ने मिलकर शिवानी की हत्या की है। इसके बाद मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे पर लटकाने की कोशिश की गई। परिजनों का कहना है कि करवाचौथ मनाने और व्रत रखने की इच्छा को लेकर घर में पहले से तनाव चल रहा था।

दो बेटियों की मां थी शिवानी
शिवानी की शादी शादिपुर निवासी प्रिंस के साथ हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी प्रिया 8 साल की और छोटी बेटी धामी 5 साल की है। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पति, सास और ननद के खिलाफ हत्या का केस
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति, सास और ननद के खिलाफ गला दबाकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया था। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

Check Also

Delhi News: कांग्रेस की महारैली पर व्यापारियों की आपत्ति, सोनिया गांधी से तारीख बदलने की मांग; 10 हजार करोड़ के नुकसान का दावा

Traders Appeal Sonia Gandhi: कांग्रेस ने दिल्ली में 1 नवंबर को महारैली का आयोजन किया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *