टी20 क्रिकेट के इतिहास में कई बड़े और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बने हैं, लेकिन वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अब एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो उनसे पहले दुनिया का कोई भी खिलाड़ी नहीं कर सका था।
आंद्रे रसेल टी20 क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 10,000 से ज्यादा रन बनाने के साथ-साथ 500 से अधिक विकेट भी चटकाए हैं। रसेल ने गेंदबाजी में 500 विकेट का जादुई आंकड़ा बहुत पहले पार कर लिया था और अब उन्होंने बल्लेबाजी से 10 हजार रनों का पहाड़ जैसा मुकाम भी हासिल कर लिया है।
नंबर 1 पर बटलर का नाम
टी20 क्रिकेट में 10 हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले वह दुनिया के 21वें बल्लेबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में इंग्लैंड के जोस बटलर 15,062 रनों के साथ टॉप पर काबिज हैं। इसके साथ ही रसेल वेस्टइंडीज के लिए टी20 में 10 हजार रन पूरे करने वाले चौथे खिलाड़ी भी बन गए हैं।
टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विंडीज बल्लेबाज
- कायरन पोलार्ड – 14,999 रन
- क्रिस गेल – 14,562 रन
- निकोलस पूरन – 11,520 रन
- आंद्रे रसेल – 10,077 रन
- आंद्रे फ्लेचर – 9,206 रन
550 विकेट के करीब पहुंचे ‘ड्रेवस’
टी20 क्रिकेट में सिर्फ 500 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा अब तक दुनिया के चुनिंदा यानी सिर्फ 6 गेंदबाज ही कर पाए हैं, जिसमें आंद्रे रसेल का नाम भी शान से शामिल है। सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में रसेल पांचवें पायदान पर हैं।
रसेल ने अब तक 616 टी20 मैचों की पारियों में 25.55 की शानदार औसत से कुल 545 विकेट झटके हैं। खास बात यह है कि अब वह 550 विकेट पूरे करने के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। बल्ले और गेंद दोनों से ऐसा करिश्मा करना यह साबित करता है कि टी20 इतिहास में रसेल से बड़ा मैच विनर ऑलराउंडर शायद ही कोई हुआ हो।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter