दुर्ग: छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला उजागर करने वाले दुर्ग जिले के समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन पर व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।
पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत उन्हें बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा ऐसी गतिविधि करने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने इसे छत्तीसगढ़ में बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर जेल भेजने की अपनी तरह की पहली कार्रवाई बताया है।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस, मोबाइल जब्त
पुलिस के मुताबिक, समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने अरुण गौतम के खिलाफ लिखित शिकायत की थी। इसमें बताया गया कि सरपंच ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है।
शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग से मिले ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अरुण गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
बाउंड ओवर की शर्त तोड़ने पर जेल भेजा
पुलिस के अनुसार, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी और उन्हें बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने पर शर्तों के उल्लंघन का मामला सामने आया। पुलिस ने बाउंड ओवर निरस्त करने और जब्त करने के लिए एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन पेश किया है। इसके बाद अरुण गौतम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अफीम की खेती का खुलासा कर चर्चा में आए थे
समोदा गांव में मार्च 2026 में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया था। खेत में लाखों की संख्या में अफीम के पौधे मिलने के बाद प्रदेशभर में इसकी चर्चा हुई थी। इस खेती की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने में सरपंच अरुण गौतम की भूमिका सामने आई थी।
उनकी शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी पेश की थी। जिस अफीम की खेती का खुलासा कर अरुण गौतम चर्चा में आए थे, अब उसी गांव के सरपंच को एक अलग मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter