अशोकनगर। जिले के राजपुर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मोटरसाइकिल से पटाखे और विस्फोटक सामग्री ले जा रहे एक 16 वर्षीय किशोर की जेब में रखी पोटाश (बारूद) अचानक दबाव पड़ने से फट गई। धमाके के साथ ही कपड़ों में आग लगने से किशोर बुरी तरह झुलस गया, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी भी घायल हो गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर किशोर को अशोकनगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बाइक पर ले जा रहे थे पोटाश और पटाखे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम अशोकनगर के राजपुर क्षेत्र में फटक चौराहे के पास हुआ। गुना जिले के कोलुआ निवासी विजयपाल यादव (16 वर्ष, पिता रामसिंह यादव) और रवि यादव (28 वर्ष, पिता अंग्रेज सिंह यादव) राजपुर से पटाखे और गजकुंडी चलाने के लिए पोटाश लेकर लौट रहे थे। बाइक रवि यादव चला रहा था, जबकि पीछे बैठा विजयपाल यादव पोटाश से भरी थैली को अपनी जेब में रखे हुए था।
दबाव बनते ही हुआ धमाका, कपड़ों में लगी आग
राजपुर से निकलने के बाद जैसे ही उनकी बाइक फटक चौराहे पर पहुंची, तभी जेब में रखी पोटाश में अचानक घर्षण और दबाव के कारण जोरदार धमाका हो गया। धमाके के साथ ही विजयपाल के कपड़ों में आग लग गई। उसने घबराकर चलती बाइक से उतरकर अपनी आग बुझाने की कोशिश की। हादसे में विजयपाल की जांघ और हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से जख्मी व झुलस गई हैं। वहीं बाइक चला रहे रवि यादव की पैंट घुटने के पास से फट गई और उसे भी चोटें आई हैं।
राहगीरों ने बचाई जान, अशोकनगर किया गया रेफर
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए किशोर के कपड़ों में लगी आग पर काबू पाया। झुलसे हुए किशोर को तत्काल पास के एक क्लीनिक ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए अशोकनगर रेफर कर दिया गया। बाइक चालक रवि यादव को भी इलाज के लिए अशोकनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। त्योहारों के सीजन में बारूद और पोटाश जैसे संवेदनशील विस्फोटकों को लापरवाही से ले जाने के कारण हुए इस हादसे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter