Breaking News

रामदेव मेले में ट्रेनों से 1लाख 28 हजार श्रद्धालु आए: रेलवे को 1. 32 करोड़ की आय हुई, 25 अगस्त से 7 सितंबर तक 7 मेला स्पेशल ट्रेन

उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा 25 अगस्त से 7 सितंबर तक चली मेला अवधि के दौरान सात मेला स्पेशल ट्रेनों से कुल 1 लाख 28 हजार 765 श्रद्धालुओं ने रामदेवरा की यात्रा की। इनसे रेलवे को 1 करोड़ 32 लाख 49 हजार 630 रुपए की आय हुई है। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देशन में इस वर्ष बेहतर व्यवस्था और समयबद्ध ट्रेनों के संचालन से रेलवे को भीड़ प्रबंधन में भी उल्लेखनीय सफलता मिली।

त्रिपाठी के अनुसार जैसलमेर मार्ग स्थित प्रसिद्ध रामदेवरा मेला में जातरुओं के आवागमन की व्यवस्थाएं की गई थीं। रेलवे प्रशासन ने मेला यातायात और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप ट्रेनों का संचालन किया, जिसके परिणामस्वरूप पर्याप्त यात्रीभार और उल्लेखनीय राजस्व मिला। बाबा रामदेवजी के मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु देशभर से पहुंचते हैं।

सात मेला स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन
इस बार मेला अवधि के दौरान रेलवे द्वारा सात मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें जोधपुर, भगत की कोठी, साबरमती, श्रीगंगानगर और लालगढ़ स्टेशन से चलने वाली ट्रेनें शामिल रहीं। मुख्य रूप से जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल ट्रेन (04863/04864) ने 1 अगस्त से 7 सितंबर तक कुल 38 फेरे किए।

जातरूओं के अनुकूल रही समय-सारणी
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि इस वर्ष संचालित रामदेवरा मेला स्पेशल ट्रेनों की समय-सारणी मेला यातायात के अनुकूल होने से रेलवे को अपेक्षाकृत अधिक यात्रीभार उपलब्ध हुआ। जोधपुर से रोजाना सुबह 4 बजे रवाना होकर 7:45 बजे रामदेवरा पहुंचने वाली ट्रेन और रामदेवरा से सुबह 8:25 बजे रवाना होकर दोपहर 12 बजे जोधपुर पहुंचने वाली ट्रेन का समय यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहा।

इसके साथ ही यात्री सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए गए। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए उचित संख्या में रेलवे कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई तथा उनकी सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे। मेला स्पेशल ट्रेन में 8 जनरल और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 10 डिब्बे थे और पूरी ट्रेन अनारक्षित रखी गई।

ट्रेनों के ठहराव से भी यात्रियों को मिली सुविधा
रामदेवरा मेला स्पेशल ट्रेन ने राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानियां, तिंवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशनों पर ठहराव किया। वहीं, हनुमानगढ़-सादुलपुर रूट पर भी 15 से 18 अगस्त तक दो नई मेला स्पेशल ट्रेनें (04741/04742) संचालित की गईं।

नियमित ट्रेनों से भी अतिरिक्त आय
डीआरएम त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि इस बार 1.32 करोड़ रुपए का राजस्व केवल मेला स्पेशल ट्रेनों से प्राप्त हुआ है। इसके अलावा नियमित रूप से पहले से चल रही विभिन्न ट्रेनों से भी हजारों यात्रियों ने विभिन्न स्टेशनों से रामदेवरा स्टेशन की यात्रा की। वर्ष 2022 की तुलना में इस बार रेलवे को अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।

Check Also

Womens Asia Cup 2026: चैंपियन बनकर भी मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची Team India, BCCI ने बताई पूरी वजह

Womens Asia Cup 2026 Final: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *