शहडोल। जिले के बाणसागर क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब रीवा से शहडोल की ओर जा रही नफीस ट्रेवल्स की यात्री बस एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई। यह घटना ग्राम रमपुरवा (बुढ़वा) के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर को बचाने के चक्कर में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बस एक बड़े पेड़ से जा टकराई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही रमपुरवा के पास पहुंची, तभी सामने से एक ट्रेलर ट्रक तेज गति और लापरवाह ढंग से चला आ रहा था, आमने-सामने की स्थिति बनते देख बस ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए बस को सड़क के किनारे करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बस सीधे महुआ के एक बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का विंडशील्ड (ग्लास) पूरी तरह टूट गया। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
ड्राइवर की सतर्कता की वजह से टक्कर टल गई
अचानक हुई घटना से यात्री घबरा गए और बस के भीतर चीख-पुकार मच गई, हालांकि, इस दुर्घटना में चमत्कारिक रूप से कोई भी यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। कुछ यात्रियों को हल्की फुल्की खरोंचें जरूर आईं लेकिन सभी सुरक्षित हैं। बस में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने बताया कि ट्रेलर की रफ्तार बहुत अधिक थी और वह सड़क के बीचोंबीच चला आ रहा था। यदि बस ड्राइवर समय रहते साइड में नहीं लेता, तो सीधी भिड़ंत हो सकती और बड़ा हादसा हो सकता था। ड्राइवर की सतर्कता की वजह से टक्कर टल गई।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter